संवाददाता, जामताड़ा. जामताड़ा पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करमाटांड़ थाना क्षेत्र से एक साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है. साइबर अपराध थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में गठित टीम ने सकलपुर से बरमुंडी जाने वाले रास्ते में भेलवाटांड़ स्थित पोखर के समीप ट्रांसफॉर्मर पोल के पास बांस झुंड में छापेमारी कर आरोपी को दबोचा.
चार मोबाइल और पांच सिम कार्ड बरामद
छापेमारी के दौरान बरमुंडी निवासी महताब अंसारी को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने उसके पास से चार मोबाइल फोन और पांच सिम कार्ड बरामद किए हैं. पुलिस आरोपी से साइबर ठगी से जुड़े अन्य मामलों और उसके नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है.
क्रेडिट कार्ड बंद होने का दिखाता था झांसा
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का क्रेडिट कार्ड बंद होने और नया कार्ड जारी कराने का झांसा देकर लोगों को अपना निशाना बनाता था. ठगी के दौरान वह लोगों को मोबाइल पर APK फाइल डाउनलोड करवाता था. इसके माध्यम से क्रेडिट कार्ड से संबंधित गोपनीय जानकारी हासिल कर साइबर ठगी को अंजाम दिया जाता था.
पुलिस के मुताबिक आरोपी का साइबर ठगी का कार्यक्षेत्र देश के विभिन्न राज्यों तक फैला हुआ था. पुलिस अब उसके संपर्क में रहे अन्य लोगों और ठगी के मामलों की भी जानकारी जुटा रही है.
विभिन्न धाराओं में दर्ज हुई प्राथमिकी
मामले को लेकर साइबर अपराध थाना कांड संख्या 55/26 दर्ज किया गया है. आरोपी के खिलाफ BNS 2023 की विभिन्न धाराओं के साथ आईटी एक्ट और टेलीकम्युनिकेशंस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है.
छापेमारी टीम में साइबर अपराध थाना प्रभारी राजेश मंडल, पुलिस निरीक्षक मनीष कुमार गुप्ता, पुलिस अवर निरीक्षक हीरालाल महतो के अलावा रिजर्व गार्ड के आरक्षी और हवलदार शामिल थे.
पुलिस ने साइबर ठगी से बचने की अपील
पुलिस ने आम लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. पुलिस ने कहा है कि किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर मोबाइल में कोई भी APK फाइल डाउनलोड नहीं करें. इसके अलावा क्रेडिट कार्ड, बैंक खाते, ओटीपी, पासवर्ड या अन्य बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करें. बैंक अथवा क्रेडिट कार्ड से संबंधित किसी भी संदिग्ध कॉल या संदेश की स्थिति में संबंधित बैंक के आधिकारिक माध्यम से ही जानकारी की पुष्टि करें.
