थाने में दिया प्राथमिकी के लिए आवेदन
बरहेट : बालू के अवैध खनन पर अंकुश लगाने के लिए डीसी के निर्देश पर गठित टीम जब छापेमारी करने पहुंची तो बालू माफियाओं ने कुछ ग्रामीणों की मदद से उन पर हमला बोल दिया. इसके बाद टीम के सदस्यों को वापस लौटना पड़ा. जानकारी के मुताबिक, बरहेट प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न अवैध बालू घाटों पर बालू का अवैध खनन धड़ल्ले से हो रहा था. इसकी खबर अखबारों से मिलने के बाद उपायुक्त ने तत्परता दिखाते हुए तीन सदस्यीय अलग-अलग टीम बनायी. पहली टीम का नेतृत्व साहिबगंज अंचलाधिकारी राम नरेश सोनी कर रहे थे,
दूसरी टीम का नेतृत्व प्रखंड विकास पदाधिकारी बरहेट धीरेंद्र कुमार तथा तीसरी टीम का नेतृत्व जिला खनन पदाधिकारी कृष्ण कुमार किस्कू कर रहे थे. डोराईं संथाली बालू घाट पहुंचे जिला खनन पदाधिकारी कृष्ण कुमार किस्कू व पुलिस बल को देखते ही बालू घाट पर कार्य कर रहे बालू माफिया व करीब 150 महिला-पुरुष हाथ में कुदाली, डंडा व धारदार हथियार लेकर उनकी ओर दौड़ पड़े. इसके बाद खनन पदाधिकारी मौके की नजाकत देखते हुए वहां से वहां से वापस लौटना ही मुनासिब समझे. जिला खनन पदाधिकारी कृष्ण कुमार किस्कू ने बताया कि लगभग 150 की संख्या में महिला एवं पुरुष हाथ में कुदाली, लाठी व धारदार हथियार लेकर उनकी ओर दौड़े, इस कारण वहां मौजूद 15 ट्रैक्टर को जब्त नहीं किया जा सका.
जिला खनन पदाधिकारी कृष्ण कुमार ने बरहेट थाना में आवेदन देकर अवैध बालू खनन से जुड़े चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का आवेदन दिया है.
अवैध बालू घाट पर…
आवेदन में जिक्र है कि गांव के सृजन तूरी, कंचन राय, सुशील मुर्मू एवं प्रदीप राय द्वारा बालू के अवैध खनन का काम किया जा रहा है. इनके विरुद्ध खनन नियमावली 2004 के नियम 13 व 54 के तहत प्राथमिकी दर्ज करायी है. उधर, दंडाधिकारी कान्हू राम नाग भी साथ रहे. एक टीम ने बरहेट थाना क्षेत्र के गुमानी नदी के विभिन्न घाटों का जायजा लिया गया, लेकिन किसी भी घाट से बालू लोडिंग करते हुए एक वाहन या बालू माफिया नहीं पकड़ा जा सका. जांच के दौरान बालू लेकर जा रहे एक हाइवा एवं एक ट्रैक्टर को पदाधिकारियों द्वारा जप्त कर बरहेट थाना पुलिस को सौंप दिया गया.
