मिहिजाम : सीमावर्ती रूपनारायणपुर इलाके के नमोकेशिया पेपर मिल समीप मंगलवार की रात बंगाल पुलिस ने एक व्यक्ति का शव बरामद किया है. मृतक की पहचान कुणाल पाल (35) चिरेका कर्मी के तौर पर हुई है. मृतक रेलनगरी चितरंजन के स्ट्रीट नंबर 38 क्वार्टर नंबर 35 का निवासी बताया गया है. सूचना पाकर मौके पर पहुंची बंगाल पुलिस ने शव को अपने कब्जे में कर उसे पोस्टमार्टम के लिए आसनसोल अस्पताल भिजवा दिया है. सूत्रों के मुताबिक मृतक के बाई कनपटी पर गोली लगने से सुराग के निशान पाये गये हैं.
पुलिस ने घटनास्थल से शराब की दो बोतलें एवं एक मोटरसाइकिल बरामद की है. मृतक का अपना मकान बंगाल के बर्दवान में बताया गया है. बर्दवान में उसकी पत्नी एवं पुत्र रहते हैं. चितरंजन में वह अपनी माता के साथ रहता था. घटना को लेकर कई तरह के कयास लगाये जा रहे हैं. कुणाल ने आत्महत्या की है यह किसी ने उसकी हत्या कर दी है. इस पर पुलिस फिलहाल कुछ नहीं कहना चाह रही है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अनुसंधान के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी. लोगों की माने तो मृतक का पत्नी के साथ मनमुटाव था. वह अक्सर अपने पुत्र से मिलने बर्दवान जाया करता था.
