Indian Railways News: जमशेदपुर के जादूगोड़ा और आसपास के क्षेत्रों के लोगों की वर्षों पुरानी मांग आखिरकार पूरी हो गई. शनिवार को राखा माइंस रेलवे स्टेशन पर उत्कल एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 18477/18478) का आधिकारिक ठहराव शुरू कर दिया गया. इस ऐतिहासिक मौके पर जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस दौरान रेलवे अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय ग्रामीणों की बड़ी संख्या स्टेशन पर मौजूद रही. कार्यक्रम में लोगों ने सांसद का फूल-मालाओं से स्वागत कर उनका आभार व्यक्त किया.
वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी
राखा माइंस रेलवे स्टेशन पर उत्कल एक्सप्रेस के ठहराव की मांग क्षेत्र के लोग लंबे समय से कर रहे थे. जादूगोड़ा, राखा और आसपास के गांवों के लोगों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए टाटानगर या अन्य दूरस्थ स्टेशनों पर जाना पड़ता था, जिससे उन्हें काफी परेशानी होती थी. सांसद विद्युत वरण महतो ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए रेल मंत्रालय के समक्ष लगातार प्रयास किया. उनके प्रयासों के बाद 11 फरवरी को रेल मंत्रालय ने उत्कल एक्सप्रेस के राखा माइंस स्टेशन पर ठहराव को मंजूरी दी. शनिवार को इसका औपचारिक शुभारंभ कर दिया गया.
आसपास के सैकड़ों गांवों को मिलेगा लाभ
उत्कल एक्सप्रेस के ठहराव से जादूगोड़ा, राखा, कुलडीहा, नरवा, आसनबनी सहित आसपास के सैकड़ों गांवों और कस्बों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा. अब यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए दूर-दराज के स्टेशनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस ठहराव से शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य सेवाओं और तीर्थ यात्रा के लिए आवागमन काफी आसान हो जाएगा. इसके साथ ही, क्षेत्र के व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
सांसद ने रेलवे मंत्रालय का जताया आभार
कार्यक्रम के दौरान सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि यह क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग थी. उन्होंने बताया कि पिछले कई वर्षों से वे इस मुद्दे को लेकर लगातार प्रयास कर रहे थे. उन्होंने कहा कि उत्कल एक्सप्रेस का ठहराव शुरू होना क्षेत्र की जनता की जीत है. इसके लिए उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, रेलवे के महाप्रबंधक और खड़गपुर मंडल के अधिकारियों का आभार व्यक्त किया. सांसद ने कहा कि आगे भी क्षेत्र के विकास के लिए इसी तरह प्रयास जारी रहेंगे.
क्षेत्र के विकास की दिशा में बड़ा कदम
इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष मनोज प्रताप सिंह ने कहा कि सांसद विद्युत वरण महतो ने हमेशा क्षेत्र की समस्याओं को प्राथमिकता दी है. उत्कल एक्सप्रेस का ठहराव उनके निरंतर प्रयासों का ही परिणाम है. वहीं, भाजपा जिला मंत्री रोहित सिंह परमार ने कहा कि इस ट्रेन के ठहराव से क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी. इससे लोगों की यात्रा आसान होगी और क्षेत्र के विकास को भी मजबूती मिलेगी.
इसे भी पढ़ें: महिला दिवस पर नोवामुंडी में अनोखी पहल, महिलाओं के लिए क्विज प्रतियोगिता
बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद
राखा माइंस स्टेशन पर आयोजित इस कार्यक्रम में रेलवे और स्थानीय प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद रहे. कार्यक्रम में रेलवे के डीआरएम मनीषा गोयल, सीनियर डीसीएम निशांत कुमार समेत कई रेलवे अधिकारी शामिल हुए. इसके अलावा, भाजपा के दिनेश साहू, सत्या तिवारी, रोहित सिंह परमार, अशोक विश्वकर्मा, रोहित राकेश सिंह, जशवंत महतो, बिक्रम सिंह, संजय लाहा सहित कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में कार्यक्रम में उपस्थित रहे. उत्कल एक्सप्रेस के ठहराव की शुरुआत के साथ ही क्षेत्र के लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिला और उन्होंने इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया.
इसे भी पढ़ें: महिला के साथ की मारपीट और छेड़खानी! सिगरेट से दागने की कोशिश, सीधे पहुंचा जेल
