जमशेदपुर : स्वतंत्रता दिवस पर बीएसएनएल ने अपने उपभोक्ताओं के लिए कई आकर्षक ऑफर्स और तकनीकी सौगातों की घोषणा की है. शुक्रवार को गोलमुरी स्थित बीएसएनएल कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में प्रधान महाप्रबंधक विजय कुमार ने बताया कि कंपनी ने बेहद किफायती फ्रीडम 2.0 ऑफर पेश किया है. इसके तहत ग्राहकों को मात्र एक रुपया में 24 दिनों तक असीमित (अनलिमिटेड) कॉलिंग की सुविधा मिलेगी. उपभोक्ता 12 सितंबर तक इस प्लान का लाभ उठा सकते हैं.
2399 रुपये में 412 दिनों की वैलिडिटी
इसके अलावा, 2399 के वार्षिक प्लान पर 47 दिन की अतिरिक्त वैधता दी जा रही है, यानी अब इसमें 365 दिन की जगह कुल 412 दिनों की वैलिडिटी मिलेगी. उन्होंने बताया कि जमशेदपुर क्षेत्र के सभी 623 सक्रिय मोबाइल स्थलों और 1166 नेटवर्क केंद्रों को पूरी तरह 4जी में अपग्रेड कर दिया गया है. वहीं इसको 5जी को शुरु करने की तैयारी कर ली गयी है.
190 उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों में सुधारा गया ढांचा
महाप्रबंधक ने कहा - 190 उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों के ढांचे को भी सुधारा गया है. पीएम-जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत 24 नये टावर लगाने का सर्वे अंतिम चरण में है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डिजिटल स्वास्थ्य मिशन के तहत एमजीएम मेडिकल कॉलेज, तीनों जिलों (पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम व सरायकेला) के सदर अस्पताल, 3 अनुमंडलीय अस्पताल, 32 सीएचसी और 40 पीएचसी को हाई-स्पीड इंटरनेट से जोड़ा गया है. इससे पर्ची, दवा, जांच रिपोर्ट और वीडियो परामर्श की व्यवस्था ऑनलाइन और पेपरलेस होगी. इसके साथ ही ग्राहकों को किसी प्रकार की कोई असुविधा नहीं हो इसको लेकर ग्राहकों की सुविधा के लिए नया सेल्फकेयर ऐप और डिमना चौक पर एकीकृत संपर्क केंद्र भी शुरू किया गया है. मौके पर डीजीएम संजय सिंह, शैलेश कुमार और स्मिता कुजूर सहित कई अधिकारी मौजूद थे.
