जमशेदपुर: साकची थाना क्षेत्र के तमरिया रोड स्थित बंद क्वार्टर से सोने-चांदी के गहनों की चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात के साथ घटना में इस्तेमाल हथौड़ी और छैनी भी बरामद की गई है. एसएसपी के निर्देश पर सिटी एसपी और डीएसपी (सिटी) के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की.
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्य से पकड़े गए आरोपी
जानकारी के अनुसार, 7 सितंबर की दोपहर तमरिया रोड स्थित क्वार्टर नंबर एल-2/27 में रहने वाले सुधांशु आदित्य के घर में घुसकर चोरों ने जेवरात चोरी कर लिए थे. मामले को लेकर 8 सितंबर को साकची थाना में कांड संख्या 67/2026 दर्ज किया गया था.
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर भुइयांडीह निवासी सुमित दास उर्फ लंगड़ा (25) को गिरफ्तार किया. पूछताछ और उसकी निशानदेही के आधार पर पुलिस ने घटना में शामिल उसके साथी मो. जाफर को भी गिरफ्तार कर लिया.
सुमित का पुराना आपराधिक इतिहास
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. पुलिस ने आरोपियों के पास से 7.22 ग्राम की सोने की अंगूठी, 66 ग्राम का सोने का पंजरा (मेहंदी छल्ला), चांदी की पायल, अंगूठी और चांदी का टुकड़ा बरामद किया है. इसके अलावा घटना में इस्तेमाल की गई हथौड़ी और छैनी भी बरामद की गई है.
पुलिस के अनुसार, आरोपी सुमित दास का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ साकची और बिष्टुपुर थाना में मामले दर्ज रहे हैं.
छापेमारी दल में साकची थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव, अभिनव कुमार, जितेन्द्र कुमार वर्मा और अमित कुमार चौधरी शामिल थे.
