चेकिंग देख भाग रहे तस्करों को पुलिस ने खदेड़कर पकड़ा, 50 लाख के गांजा के साथ छह गिरफ्तार

जमशेदपुर में पुलिस की एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान संदिग्ध वाहन सवार भागने लगे. पुलिस ने पीछा कर 59 किलो गांजा जब्त किया, जिसकी कीमत 50 लाख रुपये है. छह तस्करों को गिरफ्तार किया गया है.

जमशेदपुर : एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान पुलिस को देखते ही एक बाइक और बोलेरो सवार भागने लगे. संदेह होने पर सिदगोड़ा पुलिस ने दोनों वाहनों का पीछा किया और एग्रिको गोलचक्कर के पास सभी छह आरोपियों को दबोच लिया. जब पुलिस ने बोलेरो की तलाशी ली तो उसमें गांजा से भरे बोरे मिले. पुलिस ने 59 किलोग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है.

एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान भागे तस्कर

मामले का खुलासा सोमवार को एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने अपने कार्यालय सभागार में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में किया. उन्होंने बताया कि रविवार की रात पुलिस एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चला रही थी. रात करीब 2.25 बजे एग्रिको गोलचक्कर के पास पुलिस वाहनों की जांच कर रही थी. इसी दौरान एक बाइक और एक बोलेरो कार में सवार लोग पुलिस को देखकर अचानक भागने लगे. पुलिस टीम को संदेह हुआ और उसने दोनों वाहनों का पीछा कर उन्हें रोक लिया. जांच के दौरान बोलेरो से गांजा बरामद होने के बाद सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया.

ओडिशा से गांजा लाकर शहर में करते थे सप्लाई

एसएसपी के अनुसार, गिरफ्तार गिरोह का सरगना बागबेड़ा निवासी राजू राव उर्फ अप्पा राव है. वह ओडिशा से गांजा लाकर जमशेदपुर के अलग-अलग इलाकों में खुदरा विक्रेताओं को सप्लाई करता था. पूछताछ में राजू ने पुलिस को बताया कि वह लंबे समय से ओडिशा से गांजा की खेप शहर ला रहा था. पुलिस के अनुसार, राजू इससे पहले भी कई बार करीब 100-100 किलोग्राम गांजा ओडिशा से जमशेदपुर ला चुका है.

नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही पुलिस

पूछताछ में गिरोह के शहर में सक्रिय खुदरा विक्रेताओं से जुड़े होने की जानकारी भी पुलिस को मिली है. पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बागबेड़ा निवासी राजू राव उर्फ अप्पा राव, मोतीलाल उर्फ तांती और गणेश निषाद, गोलमुरी निवासी संतोष कुमार, कोवाली निवासी लाल चंद दास और राकेश प्रधान के रूप में हुई है. एसएसपी ने बताया कि राजू राव, गणेश निषाद, लाल चंद दास और संतोष कुमार का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है. पुलिस ने सभी आरोपियों से पूछताछ करने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

59 किलो गांजा बरामद, नेटवर्क की जांच जारी

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 59 किलो गांजा बरामद करने के साथ ही तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे वाहनों की भी जांच शुरू कर दी है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा की खेप ओडिशा में कहां से लाई गई थी और जमशेदपुर में किन-किन खुदरा कारोबारियों तक इसकी सप्लाई की जानी थी. एसएसपी ने बताया - गिरोह के पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है. पुलिस को उम्मीद है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सकेगा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Nikhil Sinha

Add image

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >