जुगसलाई की पहली महिला चेयरमैन नौशीन खान ने गिनायीं प्राथमिकताएं
सफाई और जल निकासी के लिए बनेगा सिस्टम
Jamshedpur News :
जुगसलाई नगर निकाय की पहली महिला चेयरमैन चुनी गयीं नौशीन खान ने क्षेत्र के विकास को लेकर अपना विजन स्पष्ट कर दिया है. ””प्रभात खबर”” से विशेष बातचीत में उन्होंने एक मंझे हुए राजनीतिज्ञ की तरह बेबाक अंदाज में अपनी प्राथमिकताएं साझा कीं. नौशीन खान ने कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें चुना है, वह उन वादों को पूरा करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगी. दिलचस्प बात यह है कि अब एक ही घर में दो चेयरमैन हो गये हैं, क्योंकि उनके पति हिदायतुल्लाह खान वर्तमान में राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हैं.
ट्रैफिक समस्या का समाधान निकालने की होगी कोशिश
नौशीन खान ने बताया कि जुगसलाई में ट्रैफिक की समस्या काफी गंभीर है. इसका समाधान निकालने के लिए उनकी कोशिश होगी कि खरकई नदी के किनारे एक विशेष मार्ग विकसित किया जाये. उन्होंने कहा कि जिस तरह बिष्टुपुर से सोनारी-कदमा तक सुवर्णरेखा नदी किनारे मरीन ड्राइव बनाया गया है, उसी तर्ज पर चाईबासा, राजनगर, जिलिंगगोड़ा और बागबेड़ा से होते हुए एक सड़क जुगसलाई के रास्ते बिष्टुपुर मुख्य मार्ग तक खरकई नदी किनारे निकाली जाये. इससे शहर के मुख्य मार्गों पर दबाव कम होगा.
शिक्षा और खेल के मैदान पर फोकस
चेयरमैन ने शिक्षा के क्षेत्र में सुधार की बात करते हुए कहा कि जुगसलाई में वर्तमान में 10वीं तक के स्कूल हैं. उनकी पूरी कोशिश होगी कि इन्हें प्लस टू (12वीं) तक अपग्रेड किया जाये, ताकि स्थानीय बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए दूर न जाना पड़े. इसके अलावा, जुगसलाई में खेल के मैदान की कमी को दूर करना और महिलाओं व पुरुषों के लिए अलग वॉकिंग प्लेस की व्यवस्था करना भी उनकी कार्ययोजना में शामिल है.
नशा मुक्ति और युवाओं को रोजगार से जोड़ने पर जोर
क्षेत्र में बढ़ती नशे की समस्या पर चिंता व्यक्त करते हुए नौशीन खान ने कहा कि इसे काबू में लाने के लिए हर वार्ड में ””मोहल्ला कमेटी”” का गठन किया जायेगा. साथ ही, जुगसलाई में एक समर्पित नशा मुक्ति केंद्र की स्थापना के लिए भरपूर प्रयास किये जायेंगे. युवाओं को रोजगार से जोड़ने और महिलाओं को कौशल विकास का प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाने पर भी उनका विशेष जोर रहेगा.
सफाई और जल निकासी के लिए बनेगा सिस्टम
गंदगी को एक बड़ी समस्या बताते हुए उन्होंने कहा कि कचरे का प्रतिदिन उठाव और उसका सही निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए एक स्थायी सिस्टम तैयार किया जायेगा. उन्होंने कचरा री-साइकिलिंग के लिए एक बड़े प्लान की आवश्यकता जतायी. साथ ही, गलियों में स्ट्रीट लाइट, पेयजल की समस्या और ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त करने का भरोसा भी जनता को दिलाया है.
राजनीति का पुराना अनुभव आया काम
पहली बार चुनाव लड़ने के बावजूद नौशीन खान खुद को राजनीति में नया नहीं मानतीं. उन्होंने कहा कि वे लंबे समय से अपने पति हिदायतुल्लाह खान के सामाजिक और राजनीतिक कार्यों को करीब से देख रही हैं और उनकी अनुपस्थिति में जनसमस्याओं का निष्पादन करती रही हैं. चुनाव प्रचार के दौरान स्टेशन रोड, आरपी पटेल स्कूल रोड, धर्मशाला रोड, मारवाड़ी पाड़ा, रामटेकरी और गौरी शंकर रोड जैसे इलाकों में मिले जनता के प्यार और स्नेह ने ही उन्हें यह ऐतिहासिक जीत दिलायी है.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.