समझौते के बाद भी मांगें पूरी नहीं, मजदूरों का फूटा गुस्सा; अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी

जादूगोड़ा में कंपनी प्रबंधन पर समझौते को लागू न करने का आरोप लगा है. मजदूर अपनी मांगों के समाधान न होने पर अनिश्चितकालीन धरने पर जाने की चेतावनी दे रहे हैं.

जादूगोड़ा : कंपनी प्रबंधन पर पूर्व में हुए समझौते को लागू नहीं करने और मजदूरों की मांगों पर टालमटोल करने का आरोप लगाते हुए मजदूरों ने आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है. मजदूरों ने जादूगोड़ा थाना प्रभारी को आवेदन सौंपकर मामले में हस्तक्षेप करने और समझौते के अनुसार उनकी मांगों का समाधान कराने की मांग की है. मांगें पूरी नहीं होने पर मजदूरों ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने की घोषणा की है.

कंपनी गेट पर मजदूरों ने किया प्रदर्शन

मजदूरों के अनुसार, 10 अगस्त को डीएलसी कार्यालय में मजदूरों और कंपनी प्रबंधन के बीच समझौता हुआ था. आरोप है कि समझौते के बाद कंपनी प्रबंधन ने उसकी शर्तों को मानने से इनकार कर दिया. इसके बाद 24 अगस्त को मजदूरों ने अनुमंडल पदाधिकारी को मामले की जानकारी दी. कंपनी गेट के समीप अपनी मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया.

बैठक में आश्वासन, लिखित प्रमाण नहीं मिलने का आरोप

मजदूरों के मुताबिक, 25 अगस्त को ग्राम पंचायत में बैठक हुई. इसमें मुसाबनी के प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचल अधिकारी भी मौजूद थे. बैठक में कंपनी प्रबंधन की ओर से अपनी गलती स्वीकार करने और कंपनी परिसर में गाली-गलौज नहीं करने का आश्वासन दिए जाने की बात कही गयी. मजदूरों का दावा है कि बैठक में घायल मजदूर को जरूरत पड़ने पर तत्काल उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने, सात मजदूरों को स्थायी करने और तीन दिनों के भीतर जॉइनिंग लेटर देने का भी आश्वासन दिया गया. हालांकि, मजदूरों का आरोप है कि इन आश्वासनों का उन्हें लिखित प्रमाण नहीं दिया गया.

जॉइनिंग लेटर को लेकर आंदोलन की चेतावनी

लिखित आश्वासन नहीं मिलने से नाराज मजदूरों ने संबंधित यूनियन के अध्यक्ष बाबूलाल सोरेन के नेतृत्व में अनिश्चितकालीन धरना देने की घोषणा की है. मजदूरों का कहना है कि लंबित जॉइनिंग की प्रक्रिया पूरी होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा. मजदूरों ने प्रशासन से पूरे मामले में हस्तक्षेप करते हुए कंपनी प्रबंधन और मजदूरों के बीच हुए समझौते को लागू कराने तथा लंबित मांगों का समाधान कराने की मांग की है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय सरदार

संजय सरदार को पत्रकारिता का 24 वर्षों का अनुभव हैं. वे वर्ष 2002 से इस क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने रांची विश्वविद्यालय से राजनीतिक शास्त्र में स्नातक किया है. ग्रामीण पत्रकारिता पर काफी काम किया है. वर्तमान में वे हाता से प्रतिनिधि हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >