गांव की गलियों से सोशल मीडिया पर छाया किशन का देसी अंदाज, लाखों में पहुंचे व्यूज; ऐसे शुरू हुआ सफर

पोटका के किशन कर्मकार अपने देसी कॉमेडी वीडियो से सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं. जानिए कैसे उन्होंने अपनी रचनात्मक सोच से यूट्यूब पर लाखों व्यूज हासिल किए.

पोटका: बड़े शहर, महंगे कैमरे और चमक-दमक से दूर एक छोटे से गांव का युवा अपने देसी अंदाज से सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत रहा है. सरायकेला-पूर्वी सिंहभूम सीमा से सटे पोटका की हाथिबिंदा पंचायत के बोनगोड़ा गांव निवासी युवा कंटेंट क्रिएटर किशन कर्मकार आज अपने मजेदार और स्थानीय अंदाज वाले वीडियो के कारण पहचान बना रहे हैं. ‘टाईगर पीके क्रियसन’ नाम से यूट्यूब और इंस्टाग्राम पर बनाए जा रहे उनके मनोरंजन वाले वीडियो को दर्शकों का खूब प्यार मिल रहा है.

2020 में शुरू किया वीडियो बनाने का सफर

इंटरमीडिएट तक पढ़ाई कर चुके किशन वर्ष 2020 से रील्स और शॉर्ट वीडियो बना रहे हैं. उनके वीडियो की खास बात यह है कि इनमें रोजमर्रा की जिंदगी, स्थानीय बोलचाल और सहज हास्य देखने को मिलता है. गांव के माहौल और आम जिंदगी से जुड़े विषयों को अपने अंदाज में पेश करने के कारण उनका कंटेंट लोगों से सीधे जुड़ रहा है.

किशन के एक वीडियो को यूट्यूब पर 6.5 लाख से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं. यह उनके लिए बड़ी उपलब्धि है और उनके कंटेंट की बढ़ती लोकप्रियता को भी दिखाता है.

स्मार्टफोन से बनाई अपनी पहचान

किशन की कहानी यह भी बताती है कि सोशल मीडिया पर पहचान बनाने के लिए बड़े संसाधनों की जरूरत नहीं होती. एक स्मार्टफोन और कुछ अलग करने की सोच के साथ गांव में रहकर भी डिजिटल दुनिया में अपनी जगह बनाई जा सकती है.

देसी अंदाज बना पहचान

किशन की सोशल मीडिया पर मौजूदगी लगातार बढ़ रही है. उनके वीडियो इंस्टाग्राम पर @tigar_pk.09 और यूट्यूब पर ‘टाईगर पीके क्रियसन’ नाम से देखे जा सकते हैं. अपनी भाषा, स्थानीय परिवेश और हास्य को कंटेंट का हिस्सा बनाकर किशन ने अपनी अलग पहचान बनाई है. उनका यह सफर ग्रामीण युवाओं के लिए भी एक मिसाल है कि अपनी भाषा और संस्कृति से जुड़े रहकर डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पहचान बनाई जा सकती है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय सरदार

संजय सरदार को पत्रकारिता का 24 वर्षों का अनुभव हैं. वे वर्ष 2002 से इस क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने रांची विश्वविद्यालय से राजनीतिक शास्त्र में स्नातक किया है. ग्रामीण पत्रकारिता पर काफी काम किया है. वर्तमान में वे हाता से प्रतिनिधि हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >