Jamshedpur News : पटमदा के कांकु में प्रस्तावित खनन परियोजना के समर्थन में ग्रामीणों का प्रदर्शन
Copied link
पटमदा प्रखंड के कांकु गांव में प्रस्तावित स्टोन क्रशर और खनन परियोजना के समर्थन में शनिवार को बड़ी संख्या में रैयत और ग्रामीण एकजुट हुए.
गांववालों ने कहा, परियोजना को जल्द आगे बढ़ाएं और स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता दें
Jamshedpur News :
पटमदा प्रखंड के कांकु गांव में प्रस्तावित स्टोन क्रशर और खनन परियोजना के समर्थन में शनिवार को बड़ी संख्या में रैयत और ग्रामीण एकजुट हुए. ग्रामीणों ने अपनी मांगों को लेकर उपायुक्त कार्यालय और जिला खनन कार्यालय का दो घंटे तक घेराव किया. इस दौरान ग्रामीणों ने प्रदर्शन करते हुए जिला प्रशासन को एक ज्ञापन भी सौंपा. ग्रामीणों का कहना है कि कांकु और आसपास का पूरा क्षेत्र आर्थिक रूप से बेहद पिछड़ा हुआ है. स्थानीय स्तर पर रोजगार के साधन उपलब्ध नहीं होने के कारण यहां के युवाओं को मजबूरन महानगरों की ओर पलायन करना पड़ता है. ग्रामीणों के मुताबिक, करीब 33 रैयत परिवारों ने उद्योग की स्थापना के लिए अपनी जमीन स्वेच्छा से उपलब्ध करायी है. इस परियोजना के शुरू होने से क्षेत्र के युवाओं को स्थानीय स्तर पर ही रोजगार मिलेगा और पलायन पर रोक लगेगी. इसके साथ ही क्षेत्र में सड़क, बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा, जिससे स्थानीय व्यापार को गति मिलेगी.घेराव के दौरान ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्व अपने निजी स्वार्थ के चलते इस विकास परियोजना का बेवजह विरोध कर रहे हैं. ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि वे इस परियोजना को जल्द आगे बढ़ाएं और स्थानीय युवाओं को नौकरियों में प्राथमिकता दें. इसके साथ ही उद्योग क्षेत्र तक जाने वाले मार्गों के सुदृढ़ीकरण की भी मांग की गयी.
राजेश कुमार सिंह, 19 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्य कर रहे है. कटिहार जिला के मनिहारी अनुमंडल से प्रिंट के साथ डिजिटल में तीन वर्षों से कार्य कर रहे हैं. राजनीति, समाजिक क्षेत्र में गहरी रूचि रखते हैं.