10 रुपये का ऑनलाइन भुगतान पड़ा भारी, 10 ट्रांजेक्शन में साफ हुए 6.97 लाख

जमशेदपुर में बिजली बिल अपडेट करने के नाम पर साइबर ठगों ने बुजुर्ग के खाते से 6.97 लाख रुपये उड़ा लिए। अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें।

वरीय संवाददाता, जमशेदपुर

साइबर अपराधी हर दिन नये-नये तरीके से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं. ताजा मामला मानगो डिमना रोड स्थित निरंजन सिंह कॉम्प्लेक्स, जमुना अपार्टमेंट से सामने आया है. यहां रहने वाले जयदेव घोष के बैंक खाते से शातिर अपराधियों ने 6.97 लाख रुपये उड़ा लिये. इस संबंध में पीड़ित ने साइबर अपराध थाना में लिखित शिकायत दर्ज करायी है. पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी है.

10 रुपये का भुगतान करने का दिया था झांसा

मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना गत 11 जुलाई की है. जयदेव घोष के पास एक अज्ञात नंबर से मैसेज और कॉल आया, जिसमें दावा किया गया कि उनका बिजली बिल बकाया है और यदि तुरंत भुगतान नहीं किया गया, तो बिजली कनेक्शन काट दिया जायेगा. जालसाज ने उन्हें झांसे में लेने के लिए एक लिंक भेजा और कहा कि इस लिंक के जरिये सिर्फ 10 रुपये का टोकन अमाउंट जमा कर दें, जिससे उनका बिल अपडेट हो जायेगा.

10 बार में साफ कर दी पूरी रकम

जैसे ही जयदेव घोष ने झांसे में आकर उस भेजे गये लिंक पर क्लिक किया और 10 रुपये का भुगतान करने की प्रक्रिया शुरू की, साइबर अपराधियों ने उनके फोन का एक्सेस हासिल कर लिया. इसके बाद अपराधियों ने उनके बैंक खाते में सेंध लगा दी. शातिरों ने एक या दो बार में नहीं, बल्कि कुल 10 अलग-अलग बार में ट्रांजेक्शन कर जयदेव घोष के खाते से कुल 6.97 लाख रुपये उड़ा लिये. जब तक पीड़ित को खाते से पैसे कटने के मैसेज दिखे और वे कुछ समझ पाते, तब तक उनका खाता पूरी तरह खाली हो चुका था.

साइबर पुलिस कर रही है जांच

पैसे कटने के बाद बदहवास पीड़ित तुरंत साइबर थाना पहुंचे और पुलिस को पूरी आपबीती सुनायी. पुलिस ने जयदेव घोष की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है. साइबर सेल की टीम उस लिंक, ट्रांजेक्शन डिटेल्स और मोबाइल नंबर को ट्रैक कर रही है, जिसके जरिये इस बड़ी ठगी को अंजाम दिया गया है. पुलिस ने एक बार फिर आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और बिजली बिल या अन्य किसी बकाये के नाम पर आने वाले फोन कॉल्स से सावधान रहें.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Shyam narayan jha

Published by: Sweta Vaidya

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >