वरीय संवाददाता, जमशेदपुर कदमा थानांतर्गत सोनारी-कदमा लिंक रोड में छोटी सी बात को लेकर हुए विवाद के बाद बाइक सवार दो बदमाशों ने भुजाली से हमला कर दिया. हमला के बाद दोनों बदमाश मौके से फरार हो गये. इस संबंध में रामनगर के रहने वाले साहिल वर्मा ने कदमा थाना में लिखित शिकायत दर्ज करायी है. घटना 10 जुलाई की है. घटना के संबंध में पुलिस ने बताया कि साहिल अपनी पत्नी के साथ बाइक से कदमा अपने घर की ओर जा रहा था. उसी दौरान कदमा-सोनारी लिंक रोड में गाड़ी ओवरटेक करने को लेकर साहिल का युवकों से विवाद हो गया. इसके बाद दोनों बदमाशों ने धारदार हथियार से साहिल पर हमला कर मौके से फरार हो गये.
उलीडीह से नाबालिग लापता
जमशेदपुर. उलीडीह की रहने वाली 13 वर्षीय नाबालिग के लापता होने के मामले में किशोरी की मां ने उलीडीह थाना में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया है. मिली जानकारी के अनुसार किशोरी नौ जुलाई को अपने घर से लापता हो गयी. काफी खोजबीन के बाद भी उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिली, जिसके बाद उलीडीह थाना में केस दर्ज कराया गया है. केस दर्ज होने के बाद पुलिस किशोरी की खोजबीन शुरू कर दी है.
