जमशेदपुर : जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में सोमवार को जेएफसी यूथ व कातिन फुटबॉल क्लब के बीच जेएसए ए डिवीजन फुटबॉल लीग का फाइनल मैच खेला गया. इसमें जेएफसी यूथ की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया. इस रोमांच फाइनल मैच में जेएफसी की टीम 2-0 से विजयी रही.
शुरुआत से ही बनाए रखा दबदबा
जमशेदपुर एफसी यूथ ने मैच की शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा और दोनों निर्णायक गोल पहले हाफ में ही दाग दिये. खेल के 18वें मिनट में मार्शल हेंब्रम ने शानदार गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलायी. इसके बाद 27वें मिनट में मोटाय देवगम ने दूसरा गोल करते हुए टीम की जीत पक्की कर दी.
इन्हें मिला पुरस्कार
बेस्ट गोलकीपर (रमेश मेहता मेमोरियल ट्रॉफी) जमशेदपुर एफसी यूथ के मास्टर जेनिट निंगथौजम को दिया गया. फेयर प्ले टीम (एस जुबैर आलम मेमोरियल ट्रॉफी) कातिन फुटबॉल क्लब को मिला. सर्वोच्च गोल स्कोरर का खिताब (पी विजय कुमार मेमोरियल ट्रॉफी) अरूणा समिति के प्रीत सोना को प्रदान की गयी. पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बिष्टुपुर थाना प्रभारी निरंजन कुमार, अंतरराष्ट्रीय हैंडबॉल कोच हसन इमाम मलिक, जेएसए के सचिव वी रामाकृष्णा, विक्टर सौमया, मिलर राउत, पीएस चटर्जी, सागर मुखी व अन्य लोग मौजूद थे.
फाइनल में पहली बार चार महिला रेफरी ने दिया अपना योगदान
इस फाइनल मुकाबले का सबसे बड़ा आकर्षण मैच अधिकारियों के रूप में चार महिला रेफरी रहीं. जेएसए रेफरी विभाग की इस पहल के तहत चारों मैच अधिकारी महिलाएं थीं. पिंकी मार्डी ने मुख्य रेफरी की भूमिका निभायी. चांदुमनी बिरुली, और रानी रविदास ने सहायक रेफरी के रूप में अपना योगदान दिया. वहीं, बिजू मुर्मू चौथी ऑफिशियल थी. उल्लेखनीय है कि जेएसए द्वारा महिला रेफरी को प्रोत्साहित करने और उनको पेशेवर बनाने के लिए जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में क्लास संचालित किया जाता है.
