जमशेदपुर में बीते 24 घंटे से हो रही मूसलाधार बारिश और ओडिशा व चांडिल डैम से लगातार छोड़े जा रहे पानी के कारण सुवर्णरखा और खरकई नदियां इस मॉनसून में दूसरी बार मंगलवार को खतरे के निशान पार कर गयी हैं. दोनों नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ने के कारण मानगो, बागबेड़ा, शास्त्रीनगर और भुइयांडीह के निचले इलाकों में बाढ़ का पानी घुस गया. मानगो के पुरुलिया रोड इलाके में पानी का स्तर काफी बढ़ गया था जिस वजह से रोड को बीते रात बंद कर दिया था और आवाजाही रोक दी गई थी.
बाढ़ में डूबा युवक
कदमा के शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर-2 में मंगलवार की देर रात 28 वर्षीय युवक टीपू खान पानी के तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गया. इधर, जिला प्रशासन ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तटीय इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया है.
रात 10 बजे तक आदित्यपुर पुल के पास खरकई नदी खतरे के निशान से 6.70 मीटर और मानगो पुल के पास सुवर्णरेखा नदी 2.48 मीटर ऊपर बह रही थी. खरकई नदी का डेंजर लेवल 129 मीटर है, जबकि वर्तमान में जलस्तर 135.70 मीटर पहुंच चुका है. वहीं, सुवर्णरखा नदी का डेंजर लेवल 121.50 मीटर है, जो अब 123.98 मीटर तक पहुंच चुका है. जिला प्रशासन की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार, दोनों नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी लगातार जारी है. दूसरी ओर, तटीय बस्तियों में पानी भर जाने से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है.
आज सरकारी स्कूलों में नहीं बंटेगा मिड डे मील
बिष्टुपुर रामदास भट्टा स्थित इस्कॉन के सेंट्रलाइज्ड किचन में बाढ़ का पानी घुस जाने के कारण बुधवार को जिले के सभी सरकारी स्कूलों में मिड डे मील का वितरण नहीं होगा. इस संबंध में देर रात सूचना जारी की गयी.
सूचना के अनुसार, किचन में पानी भर जाने से इस्कॉन स्कूलों में भोजन उपलब्ध नहीं करा सकेगा. शिक्षकों को मिड डे मील की निर्धारित राशि के अनुसार बच्चों के भोजन की वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिये गये हैं. इस खर्च की प्रतिपूर्ति इस्कॉन की ओर से की जायेगी.
आज भी वर्षा के आसार
बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र और मॉनसूनी बादल छाये रहने के कारण मंगलवार को भारी बारिश हुई. जमशेदपुर में सोमवार से लगातार हो रही बारिश मंगलवार शाम करीब 5 बजे जाकर थमी. बीते 24 घंटों के दौरान शहर में 34 मिमी बारिश दर्ज की गयी, इससे आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया.
मंगलवार को 18 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गयी. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, बुधवार को भी बारिश की संभावना है, हालांकि सोमवार और मंगलवार के मुकाबले इसकी तीव्रता कम रहेगी. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 20 और 21 अगस्त को शहर में छिटपुट बारिश होगी, जबकि 22, 23 और 24 अगस्त को फिर मूसलाधार बारिश के आसार हैं.
