jamshedpur news: आजादनगर में मारपीट के बाद हवाई फायरिंग, एक घायल

घायल युवक ने मस्जिद के भीतर भागकर बचायी जान

jamshedpur news: आजादनगर थाना क्षेत्र के जाकिरनगर कब्रिस्तान के पास सोमवार दोपहर दो पक्षों के बीच मारपीट के बाद हवाई फायरिंग की घटना हुई. हालांकि, गोली किसी को नहीं लगी, लेकिन हमले में जाकिरनगर रोड नंबर-17 निवासी गुलाम अहमद खान उर्फ पुनर घायल हो गया. उसके सिर में चोट लगी है और उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया.

घायल गुलाम ने बताया कि कब्रिस्तान से लौटने के दौरान पहले से घात लगाये बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया. एक युवक ने बेसबॉल बैट से उसके सिर पर वार किया. जान बचाने के लिए वह पास की मस्जिद में भाग गया, जिसके बाद हमलावरों ने हवाई फायरिंग कर दी और फरार हो गये. गुलाम ने कपाली निवासी छोटा साजिद उर्फ गर्रा, मुबारक, तनवीर और रेहान समेत पांच लोगों पर हमले का आरोप लगाया है. गुलाम ने बताया कि कुछ दिन पूर्व इन्हीं हमलावरों ने एक युवक का मोबाइल छीन लिया था. इसके बाद उसने बदमाशों से मोबाइल लेकर वापस युवक को दिया था. उसने शक जाहिर किया है कि उसी बात को लेकर उस पर हमला किया गया है.

घटना की सूचना पर डीएसपी पटमदा दयानंद कुमार और आजादनगर थाना प्रभारी चंदन कुमार मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल के पास का सीसीटीवी फुटेज भी बरामद किया है, जिसमें हमलावरों की गतिविधियां कैद हुई हैं. फुटेज में दिखाई दे रहा है कि हमलावर पहले से ही गुलाम का इंतजार कर रहे थे. गुलाम के आने के बाद उसपर हमला किया गया. उसके बाद जब वह भाग कर मस्जिद में प्रवेश कर गया, तो बदमाश युवक ने हवाई फायरिंग की और एक युवक खोखा उठा कर फरार हो गया.

गुलाम पर लगा रंगदारी मांगने का आरोप

वहीं, दूसरी ओर केजीएन कॉलोनी निवासी शद्दाब ने आजादनगर थाना में गुलाम के खिलाफ रंगदारी मांगने का आरोप लगाते हुए शिकायत की है. शद्दाब ने शिकायत में बताया कि कुछ साल पूर्व उसके भाई दानिश की हत्या कर दी गयी थी. इसी बात को लेकर सोमवार तड़के तीन बजे गुलाम उसके घर के बाहर आया और हंगामा करने लगा. गुलाम ने कहा कि दानिश की हत्या के बाद डाबर का 15 लाख रुपये खर्च हुए है. वह 15 लाख रुपये रंगदारी की मांग कर रहा था.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AKHILESH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >