jamshedpur news : घाघीडीह जेल के वॉच टावरों पर तैनात होंगे जैप के जवान, जर्जर भवनों की होगी मरम्मत

साकची, घाघीडीह व घाटशिला कारा सुरक्षा को लेकर उपायुक्त ने की बैठक

साकची, घाघीडीह व घाटशिला कारा सुरक्षा को लेकर उपायुक्त ने की बैठक

औचक निरीक्षण और पेट्रोलिंग के दिये निर्देश

jamshedpur news :

समाहरणालय सभागार में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में जिला कारा सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गयी. इसमें पाया गया कि केंद्रीय कारा घाघीडीह में कुल 50 चापाकलों में से लगभग आधे खराब पड़े हैं. उपायुक्त ने पेयजल संकट को देखते हुए इन्हें तत्काल दुरुस्त करने का निर्देश दिया. वहीं, घाघीडीह जेल की बाहरी सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए वॉच टावरों पर जैप फोर्स की तैनाती का निर्णय लिया गया. इसके लिए पुलिस अधीक्षक को जैप मुख्यालय से पत्राचार कर अतिरिक्त बल की मांग करने का निर्देश दिया गया है.

बैठक में केंद्रीय कारा घाघीडीह, मंडल कारा साकची और उप-कारा घाटशिला की सुरक्षा व्यवस्था, बुनियादी ढांचे और कैदियों की सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की गयी. उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि जेलों की सुरक्षा एक अत्यंत संवेदनशील विषय है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. बैठक में सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए नियमित पेट्रोलिंग और औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिये गये. उपायुक्त ने कहा कि प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई और जेल संचालन के हर पहलू पर कड़ी नजर रखी जाये. बैठक में ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग, रेल एसपी अजीत कुमार, एसडीएम धालभूम अर्णव मिश्रा, एसडीओ घाटशिला सुनील चंद्र सहित अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे.

जर्जर सेल और अस्पताल का सुधरेगा ढांचा

उपायुक्त ने घाघीडीह जेल के बंदी कक्षों (सेल्स), जेल अस्पताल और अन्य पुरानी संरचनाओं की जर्जर स्थिति पर चिंता जतायी. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन भवनों की मरम्मत के लिए अविलंब प्राक्कलन (एस्टीमेट) तैयार कर तकनीकी स्वीकृति प्राप्त करें, ताकि सुदृढ़ीकरण का कार्य जल्द शुरू हो सके. साथ ही, जेलों में नियमित सुरक्षा ऑडिट कराने, सीसीटीवी निगरानी बढ़ाने और वॉच टावरों पर सुरक्षा बलों की मुस्तैदी सुनिश्चित करने पर बल दिया गया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AKHILESH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >