जमशेदपुर में कैरव गांधी के किडनैपर और पुलिस के बीच मुठभेड़, तीन बदमाशों को लगी गोली

Jamshedpur Encounter: जमशेदपुर में कैरव गांधी अपहरण कांड से जुड़े तीन बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हुई. बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में हथियार बरामदगी के दौरान अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में तीनों को गोली लगी. सभी आरोपी अस्पताल में भर्ती हैं. पुलिस ने मौके से हथियार बरामद किए हैं. पूरी खबर नीचे पढ़ें.

जमशेदपुर से ब्रजेश सिंह की रिपोर्ट

Jamshedpur Encounter: झारखंड के जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार की देर रात कारोबारी पुत्र कैरव गांधी अपहरण कांड से जुड़े तीन अपराधियों के साथ पुलिस की मुठभेड़ हो गई. यह मुठभेड़ साईं मंदिर जाने वाले रास्ते पर नाला के पास उस वक्त हुई, जब पुलिस हथियार की बरामदगी के लिए आरोपियों को लेकर मौके पर पहुंची थी. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तीनों बदमाशों को गोली लगी है. सभी घायल अपराधियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

हथियार बरामदगी के दौरान बिगड़ा मामला

पुलिस के अनुसार, बिहार के नालंदा जिले से पकड़े गए तीनों अपराधियों रमेश राजा, गुड्डू सिंह और मोहम्मद इमरान को बिष्टुपुर थाना पुलिस हथियार रिकवरी के लिए साईं मंदिर के पास नाला क्षेत्र में लेकर पहुंची थी. आरोपियों ने पुलिस को बताया था कि उन्होंने वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार इसी इलाके में छुपाकर रखे हैं. इसी दौरान अचानक हालात बिगड़ गए और अपराधियों ने पुलिस पर हमला करने की कोशिश की.

पुलिस जवान से छीनी कार्बाइन, छह राउंड फायरिंग

पुलिस का कहना है कि मौके पर पहुंचते ही आरोपियों ने एक पुलिस जवान की कार्बाइन राइफल छीन ली और पुलिस टीम पर करीब छह राउंड फायरिंग कर दी. अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई. इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की. पुलिस की फायरिंग अपराधियों के पैरों में लगी, जिससे तीनों बदमाश मौके पर ही घायल होकर गिर पड़े.

घायल बदमाश अस्पताल में भर्ती, हालत गंभीर

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घायल अपराधियों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तीनों को गंभीर हालत में टीएमएच और एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है. राहत की बात यह रही कि इस मुठभेड़ में किसी भी पुलिस अधिकारी या जवान को चोट नहीं आई.

घटनास्थल से दो पिस्तौल बरामद

पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से दो पिस्तौल और अन्य आपत्तिजनक सामान भी बरामद किया है. बरामद हथियारों की जांच की जा रही है कि इनका इस्तेमाल पहले किन-किन वारदातों में किया गया था. पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य अपराधियों की तलाश में जुट गई है और मामले की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है.

एसएसपी और सिटी एसपी पहुंचे मौके पर

घटना की जानकारी मिलते ही जमशेदपुर के एसएसपी पीयूष पांडेय और सिटी एसपी कुमार शिवाशीष समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पूरी कार्रवाई की जानकारी ली. पुलिस अधिकारियों ने मुठभेड़ में साहस दिखाने वाले पुलिसकर्मियों की पीठ थपथपाई और उन्हें शाबाशी दी.

इसे भी पढ़ें: 1 अप्रैल से बदल जाएंगे सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट नियम, रूल्स तोड़ने पर देना होगा जुर्माना

कैरव गांधी अपहरण कांड में अहम कड़ी

पुलिस के मुताबिक यह मुठभेड़ कैरव गांधी अपहरण कांड की जांच में एक अहम कड़ी मानी जा रही है. पूछताछ के दौरान इन अपराधियों से कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिलने की उम्मीद है. पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई से अपहरण कांड के पीछे सक्रिय गिरोह के नेटवर्क को तोड़ने में बड़ी मदद मिलेगी.

इसे भी पढ़ें: Jharkhand Liquor Scam: झारखंड पुलिस की बड़ी लापरवाही! टीम को चकमा देकर भाग निकला किंगपिन

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >