धालभूमगढ़ : मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में अगर आपका नाम छूट गया है या कोई गलती हो गई है तो घबराएं नहीं. शनिवार को सभी पंचायतों में शिविर लगेगा. साथ ही अगर आपका नाम छूट गया होगा तो उसे भी सुधार कर लिया जाएगा.
प्रारूप मतदाता सूची में उच्च स्वर में सुनाएंगे नाम
दरअसल, 15 अगस्त को सभी पंचायतों में ग्राम सभा करने को लेकर शुक्रवार को प्रखंड सभागार में सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी मनोहर लिंडा ने बीएलओ एवं सुपरवाइजरों के साथ बैठक की. इसमें सभी बीएलओ को निर्देश दिया गया कि ग्राम सभा के दौरान सभी बीएलओ प्रारूप मतदाता सूची में मतदाताओं का नाम उच्च स्वर में सुनायेंगे. किसी कारणवश छूटे हुए पात्र नागरिकों की पहचान की जायेगी.
अशुद्धि पाये जाने पर भरवाया जायेगा प्रपत्र 8
1.10.2026 को 18 वर्ष पूरे करने वाले नागरिकों से प्रपत्र-6 के साथ-साथ पंजीकरण के लिए अनुरोध लिया जायेगा. कोई भी अशुद्धि पाये जाने पर प्रपत्र 8 भरवाया जायेगा. आयोग्य मतदाताओं की पहचान की जायेगी. उन्होंने सभी बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को निर्देश दिया है कि 15 अगस्त को सभी पंचायत में होने वाले ग्राम सभा के दौरान उपस्थित होकर निर्देशों का पालन करें.
नाम छूटा हो तो ये करें
अगर प्रारूप मतदाता सूची में आपका नाम छूट गया है तो पहले मतदाता सूची में नाम दोबारा खोजें. नाम नहीं मिलने पर फॉर्म 6 के जरिए नाम जुड़वाने के लिए आवेदन करें.
