Jamshedpur news. शहर पहुंचे गिरीश वाघ, विशाल बादशाह

आज श्रद्धांजलि देने टाटा मोटर्स आयेंगे चेयरमैन एन चंद्रशेखरन

Jamshedpur news.

संस्थापक दिवस समारोह में शामिल होने टाटा मोटर्स के कार्यकारी निदेशक गिरीश वाघ, वीपी विशाल बादशाह, राजेश कौल सहित कई अधिकारी रविवार को शहर पहुंचे. दोपहर में प्लांट हेड सुनील तिवारी सहित कंपनी के अन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर जमशेदपुर प्लांट के उत्पादन और अन्य मामलों पर बातचीत की. इस दौरान संस्थापक दिवस की तैयारियों को लेकर समीक्षा की.

चेयरमैन एन चंद्रशेखरन, एमडी टीवी नरेंद्रन आयेंगे टाटा मोटर्स

सोमवार की सुबह 7.15 बजे टाटा मोटर्स कंपनी के जनरल ऑफिस के पास स्थित जेएन टाटा की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित करने टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन और टाटा स्टील के एमडी टीवी नरेंद्रन सहित अन्य अधिकारी आने वाले हैं. सभी अधिकारी लगभग 45 मिनट कंपनी परिसर में रहेंगे. इस दौरान प्लांट का निरीक्षण और जमशेदपुर प्लांट में उत्पादित वाहनों को भी देख सकते हैं.

कंपनी गेट से लेकर कॉलोनी में रंग-बिरंगी विद्युत सज्जा

संस्थापक दिवस को देखते हुए टाटा मोटर्स के मुख्य गेट पर रंग-बिरंगी विद्युत सज्जा की गयी है. एक नंबर कंपनी गेट पर टाटा ग्रुप के संस्थापक जमशेदजी नसरवानजी की आकृति, टाटा मोटर्स के वाहन का लाइटिंग का स्वरूप दिया गया है. कंपनी के मुख्य गेट से लेकर टाटा साहब की प्रतिमा तक फूलों के गमले लगाये गये हैं. लेबर ब्यूरो गोलचक्कर, गोपेश्वर पार्क, मिलेनियम पार्क सहित अन्य स्थानों को सजाया गया है. सभी अधिकारी सबसे पहले जनरल ऑफिस के पास स्थित जेएन टाटा की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे.

टेल्को रिक्रियेशन क्लब में अलंकार समारोह आज

टाटा मोटर्स सीएसआर विभाग की ओर से सोमवार की शाम छह बजे टेल्को रिक्रियेशन क्लब में भविष्य निर्माण स्कॉलरशिप एवं अलंकार अवार्ड 2021 प्रदान किया जायेगा. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि टाटा मोटर्स प्लांट हेड सुनील तिवारी होंगे. अलंकार अवार्ड टीम व व्यक्तिगत श्रेणी के तौर पर समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए दिया जाता है. समारोह के दौरान कर्मियों के मेधावी बच्चों को प्रमाण पत्र के साथ ही स्कॉलरशिप राशि दी जाती है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >