Champai Soren Grandson Death: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के पोते वीर सोरेन (21 वर्ष) का हिमाचल प्रदेश के मनाली में असामयिक निधन हो गया है. वीर सोरेन, चंपाई सोरेन के पुत्र बाबूलाल सोरेन के बेटे थे. वे अपने दोस्तों के साथ दिल्ली से मनाली घूमने गये थे, जहां अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उनका निधन हो गया. पोस्टमार्टम के बाद पार्थिव शरीर मनाली से दिल्ली, फिर रांची और सड़क मार्ग से देर रात जमशेदपुर लाया गया. पार्थिव शरीर को टीएमएच में रखा गया है. शव को आज गुरुवार सुबह पैतृक गांव जिलिंगगोड़ा ले जाया जाएगा, जहां पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा. उसके बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा. इस मौके पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी मौजूद रहेंगे.
जिलिंगगोड़ा में नहीं मनेगा बाहा पर्व
घटना की सूचना मिलते ही सरायकेला स्थित चंपाई सोरेन के पैतृक गांव जिलिंगगोड़ा में चल रहा बाहा पर्व का उत्सव तत्काल रोक दिया गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गयी. जिलिंगगोड़ा और आसपास के क्षेत्रों में वीर सोरेन की पहचान एक मिलनसार युवक के रूप में थी. वीर के आकस्मिक निधन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, रघुवर दास, अमरप्रीत सिंह काले, अभय सिंह, विनोद सिंह समेत कई नेताओं ने शोक व्यक्त किया है.
होम स्टे में अचानक बिगड़ी तबीयत, सिर दर्द के बाद गिरे
मनाली पुलिस के अनुसार, वीर सोरेन अपने मित्रों के साथ 22 फरवरी को मनाली पहुंचे थे. वे सभी सिमसा स्थित ”हिमालयन सैलेट होम स्टे” में ठहरे थे. 23 फरवरी को उन्होंने सोलंग और सेथन क्षेत्र का भ्रमण किया था. 24 फरवरी की दोपहर करीब 12:30 बजे घूमकर होम स्टे स्थित कमरे में आए, तो उन्होंने सिर में तेज दर्द की शिकायत की. दोस्तों ने ऑनलाइन (ब्लिंकिट) दवा मंगवाकर दी, जिसके बाद वे सो गये. दोपहर करीब 2:30 बजे कमरे में गिरने की आवाज सुनकर जब साथी वहां पहुंचे, तो वीर नीचे अचेत पड़े थे. आनन-फानन में उन्हें निजी वाहन से मनाली सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अस्पताल ले जाते समय उनके मुंह से झाग निकलना शुरू हो गया था.
नियति को कुछ और ही मंजूर था: चंपाई सोरेन
पोते के निधन पर पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने अत्यंत भावुक संदेश जारी कर कहा कि अत्यंत दुःख के साथ सूचित करते हैं कि हमारे प्रिय वीर सोरेन का असामयिक निधन हो गया है. मनाली में अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था. वीर के जाने से हमारा परिवार बिखर गया है.
इसे भी पढ़ें: चंपाई सोरेन के पोते का निधन कैसे हुआ? कुल्लू SP ने बताया मौत का असली कारण
चंपाई सोरेन के पोते के निधन पर हेमंत ने जताया शोक
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के पोते के निधन पर शोक जताया है. उन्होंने कहा कि चंपाई सोरेन जी के पोते वीर सोरेन का कुल्लू में आकस्मिक निधन का अत्यंत मर्माहत करने वाला समाचार मिला. मरांग बुरु दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिजनों को दुख सहन करने की शक्ति दे. इस दुखद घड़ी में हम उनके साथ हैं.
इसे भी पढ़ें: झारखंड के पूर्व सीएम चंपाई सोरेन के पोते का कुल्लू में निधन, हेमंत सोरेन ने जताया दुख
चंपाई के घर जाएंगे सीएम हेमंत सोरेन
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दोपहर दो बजे सरायकेला खरसावां के जिलिंगगोडा पहुंचेंगे. हालांकि, अभी तक अधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के संभावित दौरे को लेकर सरायकेला खरसावां जिला प्रशासन की और से तैयारी की जा रही है. संभावना जताई जा रही है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जिलिंगगोडा में पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त करेंगे. बताया जा रहा है कि जमशेदपुर में आयोजित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गम्हरिया प्रखंड के जिलिंगगोडा पहुंचेंगे.
इसे भी पढ़ें: रांची के बाद अब धनबाद कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, भारी संख्या में पुलिस बल तैनात
