Jamshedpur News : जमशेदपुर बंद के दौरान टेल्को थाना में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं पर दर्ज प्राथमिकी की निष्पक्ष समीक्षा, निराधार धाराओं को हटाने और शहर में बिगड़ती कानून-व्यवस्था के मुद्दे को लेकर भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को पूर्वी सिंहभूम के एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब से मुलाकात कर विस्तृत चर्चा की और ज्ञापन सौंपा. जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने वरीय पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया कि शहर में बढ़ते अपराध, बिगड़ती कानून-व्यवस्था एवं बिष्टुपुर में हुए हिमांशु सिंह हत्याकांड के विरोध में भाजपा ने 3 जुलाई को लोकतांत्रिक एवं पूर्णतः शांतिपूर्ण तरीके से जमशेदपुर बंद का आह्वान किया था. इस बंद को शहर के व्यापारियों, आम नागरिकों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों का व्यापक समर्थन मिला और अधिकांश प्रतिष्ठान स्वेच्छा से बंद रहे. प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने, कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने एवं नागरिकों में सुरक्षा का वातावरण स्थापित करने की मांग की. ज्ञापन में कहा गया कि बंद के उपरांत जमशेदपुर अक्षेस के एक पदाधिकारी की शिकायत पर टेल्को थाना में टेल्को मंडल अध्यक्ष, घोड़ाबांधा मंडल अध्यक्ष, जिला महामंत्री, राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष, पूर्व जिला पदाधिकारी सहित 18 भाजपा नेताओं एवं अन्य अज्ञात कार्यकर्ताओं के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गयी है, जबकि प्राथमिकी में लगाये गये गंभीर आरोप तथ्यों से परे और निराधार है.भाजपा नेताओं ने कहा कि पार्टी किसी भी प्रकार की हिंसा, अराजकता या कानून हाथ में लेने का समर्थन नहीं करती. उन्होंने मांग किया है कि टेल्को थाना में दर्ज प्राथमिकी की निष्पक्ष समीक्षा कर निराधार धाराओं को हटाया जाये और निर्दोष लोगों को न्याय दिया जाये. वहीं, एसएसपी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मामले की निष्पक्ष समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई की जायेगी. प्रतिनिधिमंडल में जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू, प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह, मेनका सरदार, मीरा मुंडा, देवेंद्र सिंह, रामबाबू तिवारी, चंद्रशेखर मिश्रा समेत अन्य मौजूद रहे.
Jamshedpur News : टेल्को एफआइआर पर भाजपा ने उठाये सवाल, एसएसपी से निष्पक्ष जांच की मांग

Jamshedpur News : टेल्को एफआइआर पर भाजपा ने उठाये सवाल, एसएसपी से निष्पक्ष जांच की मांग
Copied link
जमशेदपुर में भाजपा नेताओं पर दर्ज एफआईआर के खिलाफ पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी से मुलाकात की और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।