प्रतिनिधि, झारसुगुड़ा: राष्ट्रीय राजमार्ग-49 पर कोलाबीरा थाना क्षेत्र के मालिडीही गांव के पास शनिवार दोपहर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दो अन्य बाइक सवारों को मामूली चोटें आईं जानकारी के अनुसार बाइक पर सवार एक व्यक्ति कुचिंडा की ओर जा रहा था. उसी समय कोलाबीरा थाना क्षेत्र के अमाती गांव निवासी हीरालाल नायक बाइक से मालिडीही की ओर आ रहे थे. इसी दौरान दोनों बाइकों के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई, जिससे हीरालाल नायक गंभीर रूप से घायल हो गए.
स्थानीय लोगों ने 108 एंबुलेंस की सहायता से पहले उन्हें कोलाबीरा अस्पताल और बाद में बेहतर इलाज के लिए झारसुगुड़ा जिला अस्पताल पहुंचाया. वहीं कुचिंडा निवासी दूसरे बाइक चालक को मामूली चोटें आईं. वह एक पिकअप वाहन किराये पर लेकर अपनी क्षतिग्रस्त बाइक के साथ घर लौट गया. इसके अलावा हीरालाल नायक के साथ बाइक पर सवार एक अन्य युवक पूरी तरह सुरक्षित बताया गया है.इस संबंध में कोलाबीरा थाना प्रभारी संतोष प्रधान ने बताया कि दुर्घटना को लेकर अभी तक कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है. उन्होंने कहा कि पुलिस के घटनास्थल पर पहुंचने से पहले ही वहां कोई मौजूद नहीं था.
