जमशेदपुर : बढ़ती ठंड व शीतलहरी से राहत देने के लिए जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति की ओर से शनिवार को शहर के 16 चौक-चौराहों पर अलाव जलाये गये और 65 लोगों के बीच कंबल बांटे गये. खुले आसमान के नीचे रहने वाले लोगों को ठंड से बचाने के लिए जेएनएसी क्षेत्र में सात स्थानों में आश्रय गृह खोले गये हैं.
आश्रय गृह में बेड, गद्दा, तकिया, कंबल, मच्छरदानी आदि सभी सुविधाएं नि:शुल्क उपलब्ध करायी गयी हैं. शनिवार की रात विशेष पदाधिकारी कृष्ण कुमार के नेतृत्व में साकची रिक्शा स्टैंड में गरीब, निर्धन, ठंड में ठिठुरते रिक्शा चालक के बीच कंबल का वितरण किया गया. इसके अलावा किशोरी नगर आश्रयगृह जाकर कंबल वितरण किया गया.
जेएनएसी क्षेत्र के जेपी सेतु बस स्टैंड के पास, चंडी नगर साकची, किशोरी नगर साकची, पंचवटी नगर सोनारी , शास्त्री नगर कदमा, बर्मामाइंस और बारीडीह मैदान के पास आश्रय गृह हैं. फुटपाथ पर नहीं सोने के लिए एनजीओ के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा और रात्रि में रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा. मौके पर जमशेदपुर अक्षेस के नगर मिशन प्रबंधक संजीत कुमार साहू, टैक्स कलेक्टर गणेश राम, कृष्णा राम, दिलीप बारीक मौजूद थे.
अस्थायी रैन बसेरा से मिली राहत
जमशेदपुर. जुगसलाई नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी जगदीश प्रसाद यादव ने बताया कि परिषद क्षेत्र में स्टेशन चौक समेत आठ स्थानों पर अलाव जलाये जा रहे हैं. नगर परिषद कार्यालय के नजदीक अस्थायी रैन बसेरा संचालित किया जा रहा है जहां रिक्शा-ठेला वाले तथा अन्य जरूरतमंद रात गुजार रहे हैं.
