जमशेदपुर : गोलमुरी पुलिस लाइन में शुक्रवार को आयोजित पुलिस सभा में पुलिसकर्मियों ने एक स्वर में एससीपी/एमएससीपी का लाभ नहीं मिलने का मुद्दा उठाया. पुलिसकर्मियों को दस-बीस और तीस वर्ष में प्रोन्नति नहीं करने पर मुख्यालय द्वारा एससीपी/एमएसपीसी का लाभ मिलना चाहिए, जिससे अधिकांश पुलिसकर्मी अभी तक वंचित हैं.
इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी अनूप बिरथरे ने संबंधित विभाग के अधिकारी को लाभ लेने वाले पुलिसकर्मियों के सेलेक्शन लिस्ट तैयार कर गठित कमेटी को भेजने का निर्देश दिया. उन्होंने पुलिसकर्मियों को बताया कि साल में दो बार एमसीपी/एमएसपीसी का लाभ देने के लिए बोर्ड में निर्णय लिया जाता है. इस वर्ष दिसंबर में बोर्ड बैठेगा, जिसमें यहां से लिस्ट डीआइजी के माध्यम से मुख्यालय तक भेजी जायेगी.
पुलिस सभा में पुलिस एसोसिएशन द्वारा सेवानिवृत सुंदरनगर थाना के दारोगा कृष्णदेव प्रसाद और पुलिस लाइन में पदास्थापित दारोगा महेंद्र प्रसाद को विदाई दी गयी. दोनों पदाधिकारियों को एसएसपी द्वारा सम्मानित किया गया. कृष्ण देव प्रसाद को उनके कार्यकाल का सभी लाभ (सेटलमेंट राशि) साथ-साथ रिलीज कर दिया गया, जबकि महेंद्र प्रसाद की सर्विस बुक प्रमोशन के लिए मुख्यालय में होने की वजह से लाभ नहीं मिल सका. पुलिस सभा सुबह ग्यारह बजे से दिन के सवा बारह बजे तक चली. इस मौके पर एसएसपी अनूप बिरथरे, एसपी सिटी प्रभात कुमार, सारजेंट मेजर राजीव कुमार, पुलिस एसोसिएशन के पदाधिकारी समेत सभी थानेदार मौजूद थे.
