जमशेदपुर : जमशेदपुर के उच्च शिक्षा जगत को बड़ी खुशखबरी मिली है. केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय की ओर से राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान के तहत जमशेदपुर वीमेंस कॉलेज को राज्य के पहले महिला विश्वविद्यालय में अपग्रेड करने की कवायद शुरू हो गयी है. इसके लिए 15.60 करोड़ रुपये का पहला आवंटन जारी कर दिया गया है.
महिला विवि के लिए राज्य सरकार ने पूर्व में ही भूमि आवंटित कर भवन निर्माण का नक्शा तक तैयार करा केंद्र सरकार को भेज दिया था. केंद्र सरकार ने जमशेदपुर वीमेंस कॉलेज को यूनिवर्सिटी में अपग्रेड करने के लिए कुल 55 करोड़ रुपये आवंटित किया था. करीब 22 करोड़ रुपये का आवंटन राज्य सरकार के उच्च, तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग की ओर से किया जाना है.
दो कॉलेजों को 30-30 लाख : केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने महाविद्यालय में मूलभूत संसाधनों के विकास को जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज व जमशेदपुर वर्कर्स कॉलेज के लिए भी 30-30 लाख आवंटित किये हैं. केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय की ओर से संबंधित पत्र कॉलेजों के प्राचार्यों के नाम भेज दिया गया है.
केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय का पत्र प्राप्त हुआ है. इसमें कॉलेज को विवि के रूप में अपग्रेड करने के लिए कुल 15.60 करोड़ रुपये आवंटित किये गये हैं.
डॉ पूर्णिमा कुमार, प्राचार्य, जमशेदपुर वीमेंस कॉलेज
