जमशेदपुर : एमजीएम मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में बुधवार रात रैगिंग को लेकर हुई मारपीट की प्रबंधन ने जांच शुरू कर दी है. जांच होने तक आरोपी दो छात्रों को सस्पेंड कर दिया गया है. इधर रैगिंग पीड़ित सेकेंड इयर के छात्र रोहित करुआ ने एंटी रैगिंग सेल, पुलिस व कॉलेज के प्रिंसिपल को मामले की जानकारी दी.
उसने बताया कि बुधवार रात करीब एक बजे दो सीनियर छात्रों ने पहले मुर्गा बनाया. अपने कमरे में बुला कर बेल्ट खोलने को कहा. बेल्ट खोलने के बाद उन लोगों ने मेरी पैंट उतारने की कोशिश की. विरोध करने पर गालियां दी, मारपीट की. वह किसी प्रकार भाग कर कमरे से बाहर निकला. हल्ला होता देख कुछ अन्य छात्र भी कमरे से बाहर आ गये.
घटना की जानकारी कॉलेज प्रबंधन के साथ ही एमजीएम थाने की पुलिस को भी दी गयी. रात करीब 1.30 बजे पुलिस पहुंची. हालांकि इस मामले में कोई भी कुछ बोलने को तैयार नहीं.
छात्रों से पूछताछ : मामले की जानकारी होने के बाद एंटी रैगिंग सेल के सदस्यों पीड़ित और आरोपी छात्रों से पूछताछ की. पीड़ित छात्र रोहित के परिजन भी गुरुवार को कॉलेज पहुंचे. उन्होंने प्रिंसिपल व एंटी रैगिंग सेल के सदस्यों से बातचीत की. कॉलेज प्रबंधन ने इस तरह की घटना दोबारा नहीं होने का आश्वासन दिया.
कॉलेज प्रबंधन ने आरोपी दोनों छात्रों के परिजन को फोन कर घटना की जानकारी दी है. परिजनों को कॉलेज बुलाया गया है. शनिवार को दोनों छात्रों के परिजन कॉलेज पहुंच सकते हैं. इसके बाद आगे की कार्रवाई होगी.
2011 अौर 2012 में भी हो चुकी है घटना
16 नवंबर 2011 को कॉलेज में राजीव रंजन जबकि 2 जुलाई 2012 को प्रेम कुमार के साथ रैगिंग की घटना हो चुकी है. दोनों घटना में किसी आरोपी छात्र के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गयी थी.
बना है एंटी रैगिंग सेल : एमजीएम मेडिकल कॉलेज में भी एंटी रैगिंग सेल का गठन किया गया है. इसमें चार सदस्य भी शामिल किये गये हैं.
मामले में लिखित रूप से किसी प्रकार की कोई शिकायत नहीं की गयी है. दोनों पक्ष ने समझौता कर लिया है.
अरविंद कुमार, थाना प्रभारी,
एमजीएम थाना
