सेल्फी लेते नहर में डूबा 12वीं का छात्र, छोड़कर भागे दोस्त

जमशेदपुर : एमजीएम थाना क्षेत्र के छोटाबांकी में शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे एक 12वीं का छात्र सेल्फी लेने के चक्कर में फिसलकर सुवर्णरेखा नहर में डूब गया. घटना के बाद उसके दोस्त मौके से भाग गये. खबर मिलने के बाद गोताखोरों की मदद से छात्र को खोजने की कोशिश की गयी लेकिन देर शाम […]

जमशेदपुर : एमजीएम थाना क्षेत्र के छोटाबांकी में शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे एक 12वीं का छात्र सेल्फी लेने के चक्कर में फिसलकर सुवर्णरेखा नहर में डूब गया. घटना के बाद उसके दोस्त मौके से भाग गये. खबर मिलने के बाद गोताखोरों की मदद से छात्र को खोजने की कोशिश की गयी लेकिन देर शाम तक पता नहीं चला. शनिवार सुबह फिर खोज शुरू होगी.
जानकारी के अनुसार, बारीडीह वर्कर्स फ्लैट नंबर 705 निवासी अभिनव झा (18) पोखारी स्थित नेताजी सुभाष पब्लिक स्कूल में प्लस टू का छात्र था. उसके पिता ओम प्रकाश झा टाटा स्टील में कार्यरत हैं. पुलिस के अनुसार शुक्रवार की सुबह पौने दस बजे अभिनव के घर उसके दोस्त धीरज, ऋषि और अलापन एक एक्टिवा पर सवार होकर आये और उसे अपने साथ लेकर गये थे. अभिनव भी घर से अपनी एक्टिवा लेकर गया था.
घटना की जानकारी गांव वालों ने पुलिस को दी. सूचना पाकर पहुंची एमजीएम पुलिस ने मौके पर मिली एक्टिवा के नंबर से घर वालों का पता लगाया और जानकारी परिजनों को दी. इसके बाद परिवार के लोग पहुंचे. परिवार वालों ने अभिनव के साथ रहने वाले दोस्तों की जानकारी दी. पुलिस ने अभिनव के तीनों दोस्तों बारीडीह भूषण कॉलोनी के धीरज, सिदगोड़ा फुड प्लाजा के ऋषि और बारीडीह विजया गार्डेन के अलापन को भी एमजीएम थाना में बुलाकर घटना की जानकारी ली.
पुलिस ने गोताखोर की मदद से अभिनव को खोजने का प्रयास किया. शनिवार को दोबारा खोज शुरू की जायेगी. पुलिस के अनुसार जहां पर अभिनव डूबा, वहां सुवर्णरेखा बहुउद्देशीय परिजोजना के तहत नहर बनाने का काम चल रहा था.
भागते दोस्तों का ग्रामीणों ने किया था पीछा
पुलिस को पूछताछ में दोस्तों ने बताया कि अभिनव नहर के किनारे खड़ा होकर सेल्फी ले रहा था. इस बीच पांव फिसला और वह डूब गया. घटना के बाद से उसका मोबाइल गायब है. दोस्तों ने बताया कि अभिनव के डूबने के बाद भय के कारण वहां से भाग गये. तीनों को भागते हुए ग्रामीणों ने देखा. ग्रामीणों ने कुछ दूर तक पीछा किया, लेकिन तीनों भागकर अपने घर पहुंच गये. इसके बाद पुलिस ने ऋषि की मां को फोन किया और अभिनव के तीनों दोस्तों को थाना बुलाया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >