दिनभर बंद रहे पेट्रोल पंप, ‍53.18 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ प्रभावित

जमशेदपुर : झारखंड पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के आह्वान पर आयोजित 12 घंटे के बंद के दौरान कोल्हान के 257 पेट्रोल पंप सुबह छह से शाम छह बजे तक बंद रहे. इससे करीब 53.18 करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित हुआ.एक अनुमान के मुताबिक 15.01 करोड़ रुपये के पेट्रोल और 38.17 करोड़ रुपये के डीजल की बिक्री […]

जमशेदपुर : झारखंड पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के आह्वान पर आयोजित 12 घंटे के बंद के दौरान कोल्हान के 257 पेट्रोल पंप सुबह छह से शाम छह बजे तक बंद रहे. इससे करीब 53.18 करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित हुआ.एक अनुमान के मुताबिक 15.01 करोड़ रुपये के पेट्रोल और 38.17 करोड़ रुपये के डीजल की बिक्री सीधे तौर पर प्रभावित हुई. तेल के लिए इधर-उधर भटक रहे लोगों से ठेले और खोमचों पर पेट्रोल और डीजल बेचने वालों ने मुंहमांगी कीमत वसूली.
लोगों ने 150 रुपये प्रति लीटर तक पेट्रोल और डीजल खरीदा. कोल्हान में 257 और पूर्वी सिंहभूम में 112 पेट्रोल पंप हैं. औसतन एक पेट्रोल पंप से प्रतिदिन 3000 लीटर पेट्रोल और 5000 लीटर डीजल की बिक्री होती है. ऐसे में पूरे दिन से लेकर शाम के छह बजे तक कहीं भी पेट्रोल और डीजल की बिक्री नहीं के बराबर हो पायी.
शाम होते ही पेट्रोल पंपों पर लगी भीड़. सोमवार की शाम जैसे ही पंप खुले, पेट्रोल और डीजल के लिए पंपों में लंबी कतार लग गयी. इस दौरान भारी भीड़ जमा हो गयी. कई पेट्रोल पंपों पर तो लोग देर तक कतार में लगे रहने के कारण आपस में उलझते दिखे. मारपीट तक की स्थिति उत्पन्न हो गयी.
बंद सफल, सरकार चेते : एसोसिएशन
झारखंड पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के संगठन सचिव राजीव कुमार सिंह ने बताया कि उनकी पीड़ा राज्य सरकार नहीं सुन रही है. पश्चिम बंगाल और बिहार की तुलना में झारखंड में पेट्रोल-डीजल की कीमत अधिक है. यदि राज्य सरकार वैट कम कर दे तो कोई परेशानी नहीं होगी.
वर्तमान में लंबी दूरी के ट्रक-बस मालिक झारखंड में डीजल नहीं भरा रहे हैं, क्योंकि प्रति लीटर उन्हें तीन से चार रुपये का अंतर पड़ रहा है. इससे सीधे राज्य के सीमावर्ती इलाके के करीब 500 पेट्रोल पंपों का धंधा चौपट हो गया है. सोमवार की हड़ताल सफल रही है. इस पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >