जमशेदपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे जोन के सभी स्टेशनों से केरल के बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री रेल के पार्सल विभाग से भेजने पर कोई शुल्क नहीं लगेगा. वहीं, जोन के रेल कर्मी बाढ़ पीड़ितों के मदद के लिए सितंबर माह के वेतन से आधा दिन का वेतन केरल के बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में जमा करेंगे.
इस संबंध में सभी जोन को अधिसूचना जारी की गयी है. अधिसूचना के अनुसार कोई भी सरकारी या गैरसरकारी संगठन निकटवर्ती स्टेशन से केरल के बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री फ्री में बुक करा सकते हैं. फिलहाल रेलवे ने 31 अगस्त तक राहत सामग्री भेजने पर शुल्क नहीं लेने का निर्णय लिया है. राहत सामग्री भेजने वालो को सबंधित जिले के उपायुक्त का नाम अंकित करना होगा, ताकि राहत सामग्री पहुंचाया जा सके.
बिजली कट से टाटानगर स्टेशन का सिस्टम हुआ फेल. मंगलवार को टाटानगर रेलवे स्टेशन में बिजली की आंख मिचौली यात्रियों के साथ रेल कर्मियों को जूझना पड़ा. दिन के समय बिजली सप्लाइ ठप होने से बार-बार रेलवे का पूरा सिस्टम ठप हो जा रहा था. इस कारण पूछताछ केंद्र से उद्घोषणा, करेंट टिकटों की बुकिंग सहित रेलवे का सारा सिस्टम बार-बार ठप हो जा रहा था.
