जमशेदपुर : सिदगोड़ा के साबरमती रोड में बीती रात युवकों ने बिजली पोल पर फायरिंग कर लाइट तोड़ी फिर बिरसानगर जोन नंबर सात में रहने वाले करमजीत सिंह उर्फ करमू के घर पर पथराव किया. विरोध करने पर करमू की भाभी को धक्का देकर गिरा दिया और तीन राउंड हवाई फायरिंग की. आधे घंटे तोड़फोड़ करने के बाद युवक वहां से भागे.
भागने के क्रम में एक युवक का ड्राइविंग लाइसेंस गिर गया, जिसे लोगों ने पुलिस को सौंप दिया. घटना की जानकारी गोलमुरी व सिदगोड़ा पुलिस को दी गयी है. इस संबंध में चरणजीत कौर के बयान पर गोलमुरी थाना में राजू पाल्टा, सुधीर लोहार उर्फ सुधीर कर्मकार, हक्कू लोहार, लंकेश्वर लोहार, हंसा लोहार समेत 10-12 अन्य के खिलाफ पथराव व फायरिंग करने, जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए लिखित शिकायत की गयी है.
इधर, मंगलवार को दिन में बस्ती के महिला व पुरुष गोलमुरी थाना पहुंचे और कार्रवाई की जानकारी ली. बस्ती के लोगों ने गोलमुरी पुलिस पर आरोपियों पर कार्रवाई करने में शिथिलता बरतने का आरोप लगाया. 21 जून को हुई फायरिंग को लेकर तनाव. सिदगोड़ा के साबरमती रोड पर 21 जून को लोहार समाज के मुखिया सुधीर कर्मकार (बिरसानगर निवासी) पर फायरिंग हुई थी. सुधीर कर्मकार के बयान पर सिदगोड़ा थाना में जोन नंबर सात निवासी चरण सिंह चन्ने, निक्के सिंह, करमजीत सिंह करमे के खिलाफ रंगदारी मांगने और फायरिंग करने का मामला दर्ज कराया था.
पति व देवर को खोज रहे थे हमलावर
चरणजीत कौर ने कहा कि रात साढ़े दस बजे बारिश हो रही थी. उस दौरान कुछ लोग दरवाजा पर लात मार रहे थे. दरवाजा खोली तो राजू पाल्टा और अन्य लोग अंंदर घुस गये. पति परमजीत सिंह और देवर करमजीत सिंह को खोज रहे थे. दोनों को घर से बाहर निकालने का दबाव बनाने लगे. विरोध करने पर उन्हें तथा उनकी सास मिंदर कौर (75) को धक्का मारा. शोर मचाने पर परिवार के सभी लोग जुटे, जिसके बाद राजू पाल्टा और अन्य घर के बाहर चला गया. दरवाजा बंद करने पर पथराव किया और हवा में तीन राउंड फायरिंग की.
