हजारीबाग. जिले में वाहन के नंबर के गलत इस्तेमाल का मामला सामने आया है. कोर्रा थाना क्षेत्र के रहनेवाले पिंटू कुमार बीएसएफ में बंगाल के किशनगंज में पदस्थापित हैं. उनकी स्कूटी (जेएच 02 बीइ 7549) के नंबर का इस्तेमाल एक बाइक पर किया जा रहा है. ट्रैफिक पुलिस ने बाइक के नंबर प्लेट के आधार पर चालान काटा, जिसकी जुर्माना राशि के भुगतान की सूचना ऑनलाइन स्कूटी मालिक को मिली.
जानकारी निकालने पर पता चला कि डीवीसी चौक के आसपास बाइक पर तीन लोगों के सवार होने पर हजारीबाग ट्रैफिक पुलिस ने फोटो खींचकर ऑनलाइन चालान काटा था. ऑनलाइन चालान में बाइक पर तीन लोग सवार दिख रहे हैं. बाइक पर पिंटू कुमार की स्कूटी का नंबर लगा हुआ है.
पिंटू कुमार के घर लौटने पर उन्हें मोबाइल पर स्कूटी का चालान कटने का मैसेज मिला. इसके बाद उन्होंने ट्रैफिक थाना जाकर चालान का विवरण निकाला. उन्होंने इस मामले में कोर्रा थाना में शिकायत दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया है. समाचार लिखे जाने तक शिकायत दर्ज नहीं हुई थी.
इस तरह वाहन के नंबर का गलत इस्तेमाल होने से वास्तविक वाहन मालिक को परेशानी उठानी पड़ रही है और दूसरे वाहन से किये गये यातायात उल्लंघन का चालान उसके नाम पर पहुंच रहा है.
