कटकमसांडी. कटकमदाग थाना क्षेत्र के पसई गांव निवासी राजेश कुमार साव (40 वर्ष, पिता मुंशी साव) की चाकू मारकर व सिर को पत्थर से कूच कर हत्या कर दी गयी. उसका शव रविवार को पुलिस ने थाना क्षेत्र के बानादाग एनटीपीसी न्यू रोड के समीप से बरामद किया. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने हत्या में शामिल लोगों की गिरफ्तारी और मुआवजा की मांग को लेकर पसई गांव के पास हजारीबाग-चतरा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. सड़क जाम की सूचना मिलते ही पेलावल अंचल के पुलिस इंस्पेक्टर शाहिद रजा, कटकमदाग थाना प्रभारी प्रमोद कुमार राय, जिला परिषद सदस्य जीतन राम पहुंचे. लोगों को समझाया. सरकारी नियमानुसार लाभ दिलाने के आश्वासन के बाद दोपहर करीब 12 बजे जाम हटा. मृतक राजेश कुमार साव मुर्गा-मछली बेचने का काम करता था. परिजनों ने बताया कि 11 अप्रैल की रात करीब 9.30 बजे राजेश के मोबाइल पर फोन आया. इसके बाद वह मोटरसाइकिल लेकर घर में बगैर किसी को कुछ बताये निकल गया. जब देर रात तक वह वापस नहीं लौटा, तो उसकी खोजबीन की गयी, लेकिन कुछ पता नहीं चला. सुबह सूचना मिली कि राजेश का शव एनटीपीसी न्यू रोड के समीप पड़ा है. इधर, शव मिलने की जानकारी कटकमदाग थाना प्रभारी प्रमोद कुमार राय को भी मिली. उन्होंने पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों और परिजनों ने शव को उठाने से मना कर दिया. बहुत समझाने और लिखित आश्वासन देने के बाद परिजन सुबह 10.30 बजे शव उठाने के लिए तैयार हुए. इसके बाद शव को घटनास्थल से उठाकर हजारीबाग-चतरा मुख्य मार्ग पर रख कर सड़क जाम कर दिया. लोग घटनास्थल पर सांसद और विधायक को बुलाने, सरकारी नौकरी व मुआवजा देने की मांग कर रहे थे.
कटकमदाग में युवक की हत्या

कटकमदाग में युवक की हत्या
Copied link
मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम