युवती को भगाने के मामले में ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, आरोपी युवक के पिता सहित दो की हुई पिटाई

युवती को भगाने वाले युवक के पिता व सहयोग करनेवाले युवक के पिता की ग्रामीणों ने गिद्दी सी वाशरी कॉलोनी में शुक्रवार सुबह 9.30 बजे पिटाई कर दी. आक्रोशित ग्रामीणों ने सरयू विश्वकर्मा की हार्डवेयर दुकान का सामान भी निकाल कर बाहर फेंक दिया

हजारीबाग: युवती को भगाने वाले युवक के पिता व सहयोग करनेवाले युवक के पिता की ग्रामीणों ने गिद्दी सी वाशरी कॉलोनी में शुक्रवार सुबह 9.30 बजे पिटाई कर दी. आक्रोशित ग्रामीणों ने सरयू विश्वकर्मा की हार्डवेयर दुकान का सामान भी निकाल कर बाहर फेंक दिया. ग्रामीण युवती को भगाने में सहयोग करने वाले कुछ अन्य युवकों को भी ढूंढ़ रहे थे, लेकिन वे नहीं मिले. इसके बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया.

वे युवती को अविलंब बरामद करने की मांग कर रहे थे. सूचना मिलने पर पहुंची गिद्दी पुलिस ने समझा-बुझा कर जाम हटाया. इस संबंध में युवती के पिता ने गिद्दी थाना में शिकायत दर्ज करायी है. पुलिस धनेश्वर यादव व सरयू विश्वकर्मा को पकड़ कर थाना ले आयी है. जानकारी के अनुसार मिश्राइनमोढ़ा की एक युवती 20 सितंबर की शाम चार बजे गिद्दी सी वाशरी कॉलोनी में दवा लेने के लिए घर से निकली थी.

जब वह काफी देर तक नहीं लौटी, तो परिजन खोजबीन करने लगे. 21 सितंबर को युवती के पिता ने गिद्दी थाना को इसकी लिखित सूचना दी. गुरुवार रात ग्रामीणों को पता चला कि गिद्दी सी वाशरी कॉलोनी निवासी मिथुन यादव ही युवती को लेकर फरार हुआ है. इसमें कॉलोनी क्षेत्र के मंजीत विश्वकर्मा, विजय यादव व रघु प्रजापति ने सहयोग किया है.

इस बात की भनक लगने पर मिश्राइनमोढ़ा, कुरकुट्टा, पछाड़ी बस्ती, डोकाबेड़ा, गरसुल्ला के सैकड़ो लोग गोलबंद होकर वाशरी कॉलोनी पहुंचे और मिथुन के पिता धनेश्वर यादव तथा सहयोगी युवक मंजीत के पिता सरयू विश्वकर्मा के साथ मारपीट की.

कोर्ट में प्रेम विवाह की चर्चा :

गिद्दी सी वाशरी कॉलोनी के युवक मिथुन यादव (पिता धनेश्वर यादव) ने युवती से कोर्ट में प्रेम विवाह किया है. इसमें गवाह के रूप में मंजीत विश्वकर्मा, विजय यादव व रघु प्रजापति का नाम सामने आ रहा है. युवती को बरामद करने के लिए पुलिस युवक के परिजनों पर दबाव डाल रही है. ग्रामीणों का कहना है कि युवक ने युवती को बहला-फुसला कर भगाया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Sameer Oraon

समीर उरांव, डिजिटल मीडिया में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और वर्तमान में प्रभात खबर.कॉम में सीनियर कटेंट राइटर के पद पर हैं. झारखंड, लाइफ स्टाइल और स्पोर्ट्स जगत की खबरों के अनुभवी लेखक समीर को न्यूज वर्ल्ड में 5 साल से ज्यादा का वर्क एक्सपीरियंस है. वह खबरों की नब्ज पकड़कर आसान शब्दों में रीडर्स तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं. साल 2019 में बतौर भारतीय जनसंचार संस्थान से पत्रकारिता करने के बाद उन्होंने हिंदी खबर चैनल में बतौर इंटर्न अपना करियर शुरू किया. इसके बाद समीर ने डेली हंट से होते हुए प्रभात खबर जा पहुंचे. जहां उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और वैल्यू ऐडेड आर्टिकल्स लिखे, जो रीडर्स के लिए उपयोगी है. कई साल के अनुभव से समीर पाठकों की जिज्ञासाओं का ध्यान रखते हुए SEO-ऑप्टिमाइज्ड, डेटा ड्रिवन और मल्टीपल एंगल्स पर रीडर्स फर्स्ट अप्रोच राइटिंग कर रहे हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >