हजारीबाग. जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटना, विशेषकर दनुआ घाटी क्षेत्र में लगातार हो रहे हादसों को लेकर उपायुक्त हेमंत सती ने गंभीर चिंता जतायी है. सोमवार को समाहरणालय सभाकक्ष में डीसी की अध्यक्षता में आयोजित सड़क सुरक्षा समीक्षा बैठक में दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए किये जा रहे कार्यों की समीक्षा की गयी. उपायुक्त ने दनुआ घाटी के संवेदनशील स्थलों पर तत्काल सुरक्षा उपाय बढ़ाने का निर्देश दिया. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में स्लाइडर लगाने तथा चौकीदार एवं होमगार्ड जवानों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने को कहा, ताकि यातायात व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा सके. उपायुक्त ने एनएचएआइ के प्रबंधक को निर्देश दिया कि दनुआ घाटी शुरू होने से करीब 50 मीटर पहले पर्याप्त संख्या में स्लाइडर लगाया जाये, जिससे वाहनों की गति नियंत्रित हो और दुर्घटनाओं में कमी आये. बैठक में जिले के प्रमुख ब्लैक स्पॉट्स की भी समीक्षा की. उपायुक्त ने सड़क सुरक्षा टीम को सभी संवेदनशील स्थलों की विस्तृत रिपोर्ट शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में दीर्घकालिक एवं प्रभावी समाधान लागू किया जा सके. बैठक में एसपी अमन कुमार, नगर आयुक्त ओम प्रकाश गुप्ता, एसडीओ आदित्य पांडेय समेत कई अधिकारी उपस्थित थे.
दनुआ घाटी में हादसे रोकने के लिए बढ़ेंगे सुरक्षा इंतजाम
सड़क सुरक्षा समीक्षा बैठक
