चरही. चुरचू थाना क्षेत्र के बोदरा-हत्यारी मुख्य मार्ग पर 31 मई की देर रात अवैध कोयला लदे ट्रक ने बागजोबरा गांव के दो युवकों आकाश हांसदा (28 वर्ष, पिता सोहराय हांसदा) व राजेंद्र बास्के (22 वर्ष, पिता स्व मोतीलाल बास्के) को कुचल दिया था. जिससे दोनों की मौत हो गयी थी. घटना के बाद परिजनों व ग्रामीणों ने शव के साथ रातभर चुरचू-हत्यारी मुख्य मार्ग जाम रखा. चार थानों के थानेदारों की उपस्थिति में सोमवार की सुबह करीब चार बजे शव को उठाया जा सका. पुलिस ने मृतक के परिजनों को कोयला कारोबारी संदीप सिंह और प्रभात सिंह से दो-दो लाख रुपये दिलाने का आश्वासन दिया, तब जाकर शव उठा. अंतिम संस्कार के लिए दोनों परिवार को कोयला कारोबारी ने 50-50 हजार रुपये दिये. तीन दिनों के अंदर शेष तीन लाख रुपये देने का आश्वासन दिया. वहीं ट्रक को पुलिस जब्त कर चुरचू थाना ले गयी है. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है. हजारीबाग में दोनों शवों के पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार बागजोबरा में किया गया. घटना के बाद से बागजोबरा में मातम पसरा है.
मुआवजे के आश्वासन पर 10 घंटे बाद हटा सड़क जाम
रविवार की रात अवैध कोयला लदे ट्रक ने दो युवकों को कुचल दिया था
