हजारीबाग. घोड़ा अस्पताल के समीप एक सूखे एवं जर्जर पेड़ को काटने के लिए 13 जून को कई क्षेत्रों में बिजली बाधित रहेगी. यह जानकारी शहरी विद्युत सहायक अभियंता आरपी सिंह ने दी. उन्होंने बताया कि वृक्ष कटाई कार्य के कारण सुरक्षा की दृष्टि से सुबह 10 बजे से शाम छह बजे तक लोहसिंघना पावर सबस्टेशन से संचालित 11 केवी लोहसिंघना, न्यू एरिया, पेलावल तथा 33 केवी चरवा फीडर की विद्युत आपूर्ति बंद रहेगी. इस दौरान शिवपुरी, विष्णुपुरी, रामनगर, लोहसिंघना रोड, ओकनी तालाब, पेलावल, शिवदयाल नगर, कानी बाजार, बड़ा अखाड़ा, खजांची तालाब, यादव बाबू चौक, कदमा, कल्लू चौक समेत आसपास के इलाके प्रभावित होंगे. विभाग ने उपभोक्ताओं से आवश्यक कार्य पहले ही निपटा लेने की अपील की है. सहायक अभियंता ने बताया कि कार्य की प्रगति के अनुसार निर्धारित समय में आंशिक बदलाव संभव है.
सर्पदंश से रसोइया समेत दो की हालत गंभीर
बरकट्ठा. उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय पकरियाटांड़ शिलाडीह की रसोइया शांति मसोमात (55 वर्ष, पति स्व विशुन मांझी) की सर्पदंश से स्थिति गंभीर है. शुक्रवार की सुबह विद्यालय में रसोई घर के बाहर एक जहरीले सांप ने उसे डस लिया था. ग्रामीण शांति को तत्काल शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल हजारीबाग ले गये. जहां उसका इलाज चल रहा है. इधर, ग्राम घोरबंधा निवासी संतोष कुमार यादव (20 वर्ष, पिता राहुल यादव) को गुरुवार की रात जहरीले सांप ने डस लिया. परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरकट्ठा ले गये. जहां से चिकित्सक ने उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल हजारीबाग रेफर कर दिया.
