अब हर शनिवार थाना दिवस, भूमि विवाद के मामलों की सुनवाई होगी

थाना परिसर में आयोजित कार्यक्रम में अंचल अधिकारी व थाना प्रभारी रहेंगे मौजूद

हजारीबाग. जिले में भूमि विवादों के समाधान को लेकर प्रशासन ने नयी पहल शुरू की है. डीसी और एसपी की संयुक्त बैठक में लिये गये निर्णय के अनुसार प्रत्येक शनिवार को संबंधित थाना परिसर में थाना दिवस का आयोजन किया जायेगा. इस दौरान थाना क्षेत्र से जुड़े जमीन एवं भू-अभिलेख संबंधी मामलों की सुनवाई की जायेगी. थाना दिवस में अंचल अधिकारी और थाना प्रभारी संयुक्त रूप से उपस्थित रहेंगे तथा फरियादियों की शिकायतें सुनकर उनके निष्पादन की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करेंगे. एसपी अमन कुमार ने बताया कि जिले में होने वाले अधिकांश विवादों की जड़ भूमि संबंधी मामले होते हैं. ऐसे मामलों का स्थानीय स्तर पर समयबद्ध समाधान होने से अनावश्यक तनाव और विधि-व्यवस्था संबंधी समस्याओं में कमी आयेगी. उन्होंने बताया कि एक अंचल में अगर दो थाने पड़ते हों, तो ऐसी स्थिति में अंचलाधिकारी अपने प्रतिनिधि को थाना भेज सकते हैं. एसपी ने लोगों से अपील की है कि भूमि विवाद से संबंधित शिकायतों और आवश्यक दस्तावेजों के साथ शनिवार को अपने संबंधित थाना में पहुंचें. शिकायतों के निष्पक्ष एवं पारदर्शी समाधान के लिए सभी आवश्यक कदम उठाये जायेंगे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SUNIL PRASAD

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >