हजारीबाग से आरिफ की रिपोर्ट
Hazaribagh News: झारखंड के हजारीबाग में शिक्षा जगत से जुड़े अधिकारियों और शिक्षकों का बड़ा आयोजन 10 जुलाई को होने जा रहा है. झारखंड राज्य माध्यमिक शिक्षक संघ की ओर से नवपदस्थापित जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) कुमारी नीलम के स्वागत और पूर्व डीईओ प्रवीण रंजन को विदाई देने के लिए सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा. कार्यक्रम शुक्रवार शाम पांच बजे जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) सभागार में होगा.
सेवानिवृत्त शिक्षा अधिकारी भी होंगे शामिल
संघ से जुड़े शिक्षक प्रकाश कुमार ने बताया कि इस कार्यक्रम में वर्तमान और सेवानिवृत्त कई शिक्षा अधिकारी, शिक्षक संगठन के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में शिक्षक और शिक्षकेत्तर कर्मचारी शामिल होंगे. समारोह में नई डीईओ का औपचारिक स्वागत किया जाएगा, वहीं पूर्व डीईओ प्रवीण रंजन के कार्यकाल को याद करते हुए उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी जाएगी.
नई डीईओ से मिल रहे हैं शिक्षक संगठन
नई जिला शिक्षा पदाधिकारी कुमारी नीलम के पदभार ग्रहण करने के बाद विभिन्न शिक्षक संगठन लगातार उनसे मुलाकात कर रहे हैं. प्रतिनिधिमंडल उन्हें बधाई देने के साथ शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने और शिक्षक-शिक्षकेत्तर कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान की उम्मीद भी जता रहे हैं.
अनुसूचित जाति-जनजाति शिक्षक संघ ने दी शुभकामनाएं
झारखंड राज्य अनुसूचित जाति-जनजाति शिक्षक-शिक्षकेत्तर कर्मी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने भी नई डीईओ से मुलाकात की. प्रतिनिधिमंडल में जिला सचिव राजेंद्र कुमार दास, मीडिया प्रभारी राजेश्वर कुमार, प्रेम पासवान, रौशन एलन मरांडी, बसंत कुमार दास, संजय चंद्रा, राजकुमार दास, संजय रजक, महेंद्र राम, रश्मि कुमारी, अर्जुन कुमार दास, महेंद्र कुमार रवि, धीरज कुमार, अनिल कुमार रजक, मनोज कुमार दास, रोहित प्रसाद, राजा राम रवि सहित कई शिक्षक और शिक्षकेत्तर कर्मी शामिल थे.
माध्यमिक शिक्षक संघ ने भी किया स्वागत
झारखंड माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने भी डीईओ कुमारी नीलम से मुलाकात कर उनका स्वागत किया. प्रतिनिधिमंडल में जिला अध्यक्ष कृष्ण कुमार, सचिव सुरेश महथा, कोषाध्यक्ष प्रेम पासवान, प्रवक्ता राजेश गौतम, संयुक्त सचिव मधुसूदन कुमार सिंह, संगठन सचिव संजय कुशवाहा सहित महिला प्रकोष्ठ और विभिन्न प्रखंडों के अनेक शिक्षक मौजूद रहे.
शिक्षक नेताओं ने नई डीईओ से शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार, विद्यालयों की समस्याओं के समाधान, लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे तथा शिक्षक-शिक्षकेत्तर कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए सकारात्मक पहल करने की अपेक्षा जताई.
इसे भी पढ़ें: चतरा के कुंदा में 11 हजार वोल्ट बिजली तार की चपेट में आने से दुधारू भैंस की मौत, पशुपालक ने लगाया लापरवाही का आरोप
शिक्षा व्यवस्था को लेकर बढ़ी उम्मीदें
नई डीईओ की नियुक्ति के बाद जिले के शिक्षा विभाग में नई ऊर्जा और बेहतर समन्वय की उम्मीद की जा रही है. शिक्षक संगठनों का मानना है कि संवाद और सहयोग की भावना से शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सकता है. 10 जुलाई का यह सम्मान समारोह शिक्षा विभाग और शिक्षक संगठनों के बीच बेहतर तालमेल का संदेश देने वाला महत्वपूर्ण आयोजन माना जा रहा है.
इसे भी पढ़ें: बोकारो में चोरी की नौ बाइक के साथ नाबालिग गिरफ्तार, सौदा करने वाला धनबाद से धराया
