हजारीबाग. एनसीसी 22 झारखंड बटालियन हजारीबाग कार्यालय परिसर में समारोह आयोजित कर थल सैनिक कैंप (टीएससी) के पदक विजेता कैडेट्स का स्वागत किया गया. बिहार एवं झारखंड निदेशालय की ओर से दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के थल सैनिक कैंप में पदक जीतकर लौटे कैडेट्स की एनसीसी 22 झारखंड बटालियन में आधिकारिक तौर पर अगवानी की गयी.
ढोल-नगाड़े के साथ हुआ स्वागत
एनसीसी 22 झारखंड बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल रविंद्र कुमार रवि एवं सूबेदार मेजर यदविंद्र सिंह ने पदक विजेता कैडेट्स का स्वागत किया. इस दौरान ढोल-नगाड़े बजाये गये और कैडेट्स को फूलों की माला पहनाकर सम्मानित किया गया. समारोह में पदक विजेता कैडेट्स के अभिभावक, प्रशिक्षक स्टाफ और साथी कैडेट्स मौजूद थे.
स्वास्थ्य, स्वच्छता और सेवा प्रशिक्षण में जीते पदक
राष्ट्रीय स्तर के टीएससी कैंप में कैडेट्स ने स्वास्थ्य एवं स्वच्छता तथा सेवा प्रशिक्षण से जुड़ी प्रतियोगिताओं में पदक हासिल किये. पदक विजेता कैडेट्स में संत कोलंबा कॉलेज के सार्जेंट अरूण कुमार, विवेक विश्वकर्मा, मार्खम कॉलेज के युवा मनीष कुमार भारती, कैडेट मयंक कुमार, संत कोलंबा कॉलेज के एसयूओ बादल कुमार और कैडेट वर्षा कुमारी शामिल हैं.
