चौपारण, हजारीबाग: जीटी रोड स्थित बारा महुदी के समीप सड़क हादसे में बारा निवासी रंजन कुमार सिंह के असामयिक निधन के बाद सोमवार को विधायक मनोज यादव ने आश्रितों को न्याय दिलाने के लिए सड़क निर्माण कंपनी के पाण्डेयबारा स्थित प्लांट का घेराव किया. इस दौरान विधायक ने कंपनी प्रबंधन से वार्ता कर पीड़ित परिवार को तत्काल उचित मुआवजा देने की मांग की.
विधायक ने कंपनी को जीटी रोड पर बने जानलेवा गड्ढों को जल्द भरने और निर्माण कार्य अविलंब पूरा करने का निर्देश दिया. कंपनी प्रबंधक ने इस पर सहमति जताते हुए परिजनों को जल्द तय मुआवजा राशि का भुगतान करने का आश्वासन दिया.
शोकाकुल परिवार से मिले विधायक
कंपनी कार्यालय के घेराव के बाद विधायक मनोज यादव मृतक के आवास बारा पहुंचे. उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और उन्हें ढांढस बंधाया.
मौके पर विधायक प्रतिनिधि राजदेव यादव, ब्रह्मर्षि समाज के अध्यक्ष सुधीर सिंह, रामचंद्र सिंह, मनोज सिंह, पप्पू सिंह, अनिल पांडेय, संदीप सिंह, सुबोध सिंह, सियाराम सिंह, दीपक सिंह सहित कई लोग उपस्थित थे.
