रामशरण की रिपोर्ट
इचाक (हजारीबाग): प्रखंड के बरका कला और रतनपुर डाकघरों में पोस्टमैन की कथित लापरवाही से ग्रामीणों को डाक विभाग की सुविधाओं का समुचित लाभ नहीं मिल पा रहा है. ग्रामीणों का आरोप है कि पत्राचार और अन्य जरूरी डाक समय पर नहीं पहुंच रही है. कई बार लोग अपनी डाक लेने डाकघर पहुंचते हैं, लेकिन वहां ताला लटका मिलता है.
समय पर नहीं मिल रही डाक, ग्रामीण परेशान
ग्रामीण सुखदेव प्रसाद मेहता, शंकर प्रसाद मेहता, कामेश्वर प्रसाद मेहता समेत अन्य लोगों ने बताया कि सरकार ने पंचायत स्तर पर डाकघर की व्यवस्था ग्रामीणों को बेहतर सुविधा देने के उद्देश्य से की है. इसके बावजूद नियमित रूप से डाकघर नहीं खुलने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है. उनका कहना है कि कई जरूरी पत्र और दस्तावेज समय पर नहीं मिल पा रहे हैं.
ये भी पढ़ें- पत्नी की मौत की खबर सुनते ही पति ने भी तोड़ा दम, आधे घंटे के अंतराल में दोनों ने छोड़ी दुनिया
जांच और नियमित सेवा बहाल करने की मांग
ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से मामले की जांच कर बरका कला और रतनपुर डाकघरों में नियमित डाक सेवा बहाल करने की मांग की है. उनका कहना है कि दोनों पंचायतों के लोगों को डाकघर की सुविधा सुचारु रूप से मिलनी चाहिए.
एक कर्मी देख रहा दोनों डाकघरों का काम
इचाक पोस्टमास्टर नंदन कुमार ने बताया कि फिलहाल रतनपुर और बरका कला दोनों डाकघरों का कार्य एक ही कर्मी आनंद कुमार देख रहे हैं. उन्होंने कहा कि जल्द ही दोनों डाकघरों में अलग-अलग नए कर्मियों की पदस्थापना की जाएगी, जिससे ग्रामीणों को नियमित डाक सेवा मिल सकेगी. वहीं, आनंद कुमार ने कहा कि वह दोनों डाकघरों का कार्य नहीं देख रहे हैं. बरका कला डाकघर में वह स्थायी रूप से पदस्थापित नहीं हैं और फिलहाल वैकल्पिक व्यवस्था के तहत वहां का काम संभाल रहे हैं.
ये भी पढ़ें- Jharkhand Rain Alert: 15 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, रांची समेत 5 में ऑरेंज अलर्ट
