हजारीबाग. मांदर की गूंज, नगाड़ों की थाप और करम गीतों की स्वर-लहरियों से बुधवार को संत कोलंबस कॉलेज स्टेडियम परिसर गूंज उठा. सर्व आदिवासी समाज, हजारीबाग के तत्वावधान में करम पूर्व संध्या एवं आदिवासी सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचे लोगों ने सामूहिक नृत्य और गीतों के माध्यम से अपनी संस्कृति की झलक प्रस्तुत की.
कार्यक्रम का उद्घाटन एडिशनल कमिश्नर महेंद्र छोटन उरांव और प्रवीण बाखला ने किया. अतिथियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया. विशिष्ट अतिथि के रूप में नीरज भोक्ता और ज्योत्सना केरकेट्टा मौजूद थीं. आयोजन स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया था.
समारोह में झारखंडी सुपर स्टार मैक्स भाई, नितेश कच्छप समेत अन्य कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं. झारखंडी लोकगीत और पारंपरिक संगीत पर युवा व दर्शक झूमते नजर आये. देर शाम तक स्टेडियम में उत्सव का माहौल बना रहा.
आयोजन की अगुवाई सर्व आदिवासी समाज के अध्यक्ष विक्की कुमार धान और संरक्षक विजय सिंह भोक्ता ने की. विक्की कुमार धान ने कहा कि करमा पर्व प्रकृति, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ा पर्व है. विजय सिंह भोक्ता ने कहा कि आधुनिकता के दौर में सांस्कृतिक जड़ों और परंपराओं को जीवित रखना जरूरी है.
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों सहित झारखंड के कई क्षेत्रों से सामाजिक प्रतिनिधि, युवा और सांस्कृतिक प्रेमी शामिल हुए.
