केरेडारी, हजारीबाग: चट्टी बरियातु कोयला खनन परियोजना में हिंदी पखवाड़ा-2026 का शुभारंभ 14 सितंबर को राजभाषा प्रतिज्ञा के साथ किया गया. इस अवसर पर परियोजना प्रमुख धनंजय श्रीखंडे ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राजभाषा प्रतिज्ञा दिलायी. सभी ने राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग तथा इसके प्रचार-प्रसार के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहरायी.
प्रतिज्ञा के माध्यम से अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सरकारी कार्यों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने, कार्यालयीन कार्यों में राजभाषा नीति के अनुरूप हिंदी का अधिकाधिक उपयोग करने तथा हिंदी के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने का संकल्प लिया. हिंदी पखवाड़े के तहत कर्मचारियों में हिंदी के प्रति रुचि एवं जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न हिंदी प्रतियोगिताओं, रचनात्मक गतिविधियों एवं अन्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा.
एनएमएल पकरी बरवाडीह में हिंदी पखवाड़ा शुरू
बड़कागांव, हजारीबाग: एनएमएल पकरी बरवाडीह कोयला खनन परियोजना में सोमवार को हिंदी पखवाड़ा-2026 का शुभारंभ हुआ. कार्यक्रम 14 से 28 सितंबर तक चलेगा. इस दौरान कर्मचारियों और उनके परिवारजनों को हिंदी के प्रयोग के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताएं और गतिविधियां आयोजित की जायेंगी.
सम्मेलन कक्ष सीकरी में आयोजित कार्यक्रम में महाप्रबंधक (इन्फ्रा) पवन कुमार रावत ने विभागाध्यक्षों, अधिकारियों और कर्मचारियों को राजभाषा की शपथ दिलायी. उन्होंने कहा कि हिंदी सांस्कृतिक पहचान और एकता का प्रतीक है. कार्यस्थल पर हिंदी के प्रयोग से बेहतर संवाद और कार्यकुशलता बढ़ेगी. पखवाड़े के दौरान निबंध लेखन, कविता पाठ, प्रश्नोत्तरी समेत कई प्रतियोगिताएं होंगी. कार्यक्रम का उद्देश्य हिंदी के प्रचार-प्रसार के साथ इसे कार्य और संवाद की भाषा के रूप में बढ़ावा देना है.
