बरकट्ठा: कोनहराखुर्द स्थित मदरसा अहयाउल उलूम में इंटर प्रशिक्षित शिक्षक के एक रिक्त पद पर नियुक्ति के लिए रविवार को साक्षात्कार परीक्षा आयोजित की गयी. चयन प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों की योग्यता और प्रदर्शन का आकलन लिखित एवं मौखिक परीक्षा के माध्यम से किया गया.
मदरसा के प्रधानाध्यापक मो मुमताज राजा ने बताया कि शिक्षक नियुक्ति के लिए कुल 13 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिसमें 10 अभ्यर्थी साक्षात्कार परीक्षा में शामिल हुए. चयन प्रक्रिया कुल 100 अंकों की रही. इसमें 80 अंक लिखित परीक्षा और 20 अंक मौखिक साक्षात्कार के लिए निर्धारित किये गये थे.
विषय विशेषज्ञ की देखरेख में हुई परीक्षा
नियुक्ति प्रक्रिया को पारदर्शी और निर्धारित मानकों के अनुरूप संपन्न कराने के लिए झारखंड अधिविद परिषद, रांची की ओर से विषय विशेषज्ञ के रूप में बिस्मिल्लाह कौसर को नियुक्त किया गया था. उनकी देखरेख में लिखित परीक्षा और मौखिक साक्षात्कार की प्रक्रिया पूरी की गयी.
साक्षात्कार के दौरान प्रो. डॉ. एसजेड हक, काउंसिल प्रतिनिधि मो इसराइल और मो सद्दाम हुसैन समेत अन्य लोग मौजूद थे.
