Hazaribagh: 24 घंटे में 4 मौत पर शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज में हंगामा, डीसी ने बैठाई जांच कमिटी

Hazaribagh के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में 24 घंटे के भीतर 4 मौतों के बाद हंगामा हो गया. DC ने मामले की जांच के लिए कमिटी गठित की है. पूरी रिपोर्ट नीचे पढ़ें...

Hazaribagh: शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में 24 घंटे के भीतर हुई चार मौतों के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गये हैं. मृतकों के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन, चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त हेमंत सती ने जांच टीम गठित कर दी है. जांच के दौरान प्रसूति विभाग की एक नर्स को हटाने की कार्रवाई भी की गयी है.

मृतकों में महावीर स्थान निवासी पवन कुमार अग्रवाल, कटकमसांडी के बंझिया गांव निवासी शोभा देवी तथा शिवपुरी निवासी सरिता कुमारी और न्यू एरिया निवासी राजकुमार दास शामिल हैं. परिजनों का आरोप है कि समय पर ऑक्सीजन नहीं मिलने, इलाज में देरी और अव्यवस्थित व्यवस्था के कारण मरीजों की जान गयी.

पवन अग्रवाल की पुत्री रूपा गोयल ने बताया कि उनके पिता का ऑक्सीजन लेवल लगातार गिर रहा था. परिजनों ने बार-बार ऑक्सीजन लगाने की मांग की, लेकिन स्वास्थ्य कर्मियों ने ऑक्सीजन की जगह नेबुलाइजर लगा दिया. थोड़ी देर बाद उनकी मौत हो गयी. वहीं शोभा देवी के परिजनों ने आरोप लगाया कि ब्लड चढ़ाने के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ने की शिकायत को नर्स ने गंभीरता से नहीं लिया, जिसके बाद उनकी मौत हो गयी.

घटना की जानकारी मिलते ही हजारीबाग विधायक प्रदीप प्रसाद अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया. शोभा देवी के नवजात शिशु की गंभीर स्थिति को देखते हुए विधायक ने अपने निजी खर्च पर उसे क्षितिज अस्पताल में भर्ती कराया. उन्होंने बच्चे के संपूर्ण इलाज का खर्च उठाने की भी घोषणा की.

मीडिया से बातचीत में विधायक ने कहा कि जिस अस्पताल में मरीजों को समय पर ऑक्सीजन तक उपलब्ध नहीं हो रहा हो, वहां की स्वास्थ्य व्यवस्था की स्थिति समझी जा सकती है. आउटसोर्सिंग कंपनी की ओर से अस्पताल में अकुशल कर्मचारियों को रखा गया है.

अस्पताल अधीक्षक डॉ केके सिंह ने बताया कि मामले की जांच के लिए पांच सदस्यीय मेडिकल टीम गठित की गयी है. टीम का नेतृत्व प्रसूति विभाग के एचओडी करेंगे. पांच दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है. दोषी पाये जाने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी.

ये भी पढ़ें…

पोता ही निकला दादा-दादी का हत्यारा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >