हजारीबाग: ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों और सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से पदमा और दारू प्रखंड मुख्यालय में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में न्यायिक पदाधिकारियों ने जरूरतमंद और वंचित लोगों को निशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराने की जानकारी दी.
पदमा में मेगा लीगल इम्पावरमेंट शिविर
पदमा प्रखंड सभागार में मेगा लीगल इम्पावरमेंट सह कानूनी जागरूकता शिविर का आयोजन हुआ. एसीजीएम सह सीनियर सिविल जज कुमारी निकिता, सिविल जज सीनियर डिवीजन वीणा कुमारी, बीडीओ निधि रजवार, सीओ मोतीलाल हेंब्रम और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर शिविर का उद्घाटन किया. सखी मंडल की सदस्यों ने अतिथियों का पारंपरिक रीति-रिवाज से स्वागत किया.
शिविर में लाभुकों के बीच चार राशन कार्ड, करीब एक दर्जन सामाजिक सुरक्षा पेंशन की स्वीकृति से संबंधित दस्तावेज, चार सखी मंडल सदस्यों को 23 लाख रुपये का सांकेतिक चेक, चार जॉब कार्ड तथा करीब एक दर्जन जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र वितरित किये गये.
बेहतर आम बागवानी करने वाले चार लाभुकों को प्रशस्ति पत्र दिया गया, जबकि जरूरतमंदों के बीच निशुल्क दवा भी वितरित की गयी. वहीं, बीडीओ, सीओ, प्रमुख, उपप्रमुख, बीस सूत्री अध्यक्ष और मुखिया ने कंडादाग मध्य विद्यालय के 11 विद्यार्थियों के बीच साइकिल का वितरण किया.
दारू में भी लगा विधिक जागरूकता शिविर
दारू प्रखंड मुख्यालय में आयोजित विधिक जागरूकता शिविर का उद्घाटन प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी प्रतिमा उरांव ने किया. उन्होंने ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी देते हुए कहा कि समाज के जरूरतमंद, गरीब और वंचित लोगों तक निशुल्क कानूनी सहायता पहुंचाना ही विधिक सेवा प्राधिकार का मुख्य उद्देश्य है.
शिविर में 10 जरूरतमंद लोगों को जॉब कार्ड, तीन किसानों को केसीसी और दो लाभुकों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन से संबंधित पत्र दिये गये. शिक्षा विभाग की ओर से स्कूली बच्चों के बीच बैग और कॉपी का वितरण किया गया.
सीओ रामबालक कुमार, बीडीओ हारून रसीद और थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार सिंह ने स्टॉल के माध्यम से ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी. मौके पर बीपीओ राजीव रंजन और जेएसएलपीएस की दीदियां मौजूद रहीं और अतिथियों का स्वागत किया.
