हजारीबाग से आरिफ की रिपोर्ट
Hazaribagh Education News: झारखंड के हजारीबाग जिले में नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत इस साल नव साक्षरों की पहली आकलन परीक्षा 15 मार्च को आयोजित की जाएगी. इस परीक्षा में जिले के 26 हजार नव साक्षर महिला और पुरुष भाग लेंगे. जिला शिक्षा विभाग ने परीक्षा के सफल संचालन के लिए बड़े स्तर पर तैयारी शुरू कर दी है.
26 हजार नव साक्षर देंगे परीक्षा
जिला शिक्षा अधीक्षक (डीएसई) सह साक्षरता कार्यक्रम के सचिव आकाश कुमार ने बताया कि इस आकलन परीक्षा में जिले के करीब 26 हजार नव साक्षर महिला और पुरुष शामिल होंगे. यह परीक्षा नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत आयोजित की जा रही है, जिसका उद्देश्य नव साक्षरों के ज्ञान और सीखने की प्रगति का आकलन करना है. उन्होंने बताया कि परीक्षा में शामिल होने वाले सभी प्रतिभागियों को बाद में प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जाएगा, जिससे उन्हें आगे की शैक्षणिक और सामाजिक गतिविधियों में लाभ मिल सकेगा.
जिले में 4143 स्कूल बनाए गए परीक्षा केंद्र
परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिले भर में 4143 स्कूलों का चयन किया गया है. इन सभी स्कूलों के एक-एक कक्षा कक्ष को जन चेतना केंद्र के रूप में विकसित किया गया है. इन केंद्रों पर 15 मार्च को नव साक्षर पहुंचकर आकलन परीक्षा में भाग लेंगे. परीक्षा की व्यवस्था इस तरह की गई है कि सभी प्रतिभागियों को अपने नजदीकी केंद्र पर ही परीक्षा देने की सुविधा मिल सके.
16 प्रखंडों में एक साथ होगी परीक्षा
हजारीबाग जिले के सभी 16 प्रखंडों में एक ही दिन यह आकलन परीक्षा आयोजित की जाएगी. इनमें सदर, दारू, टाटीझरिया, इचाक, विष्णुगढ़, पदमा, बरही, बड़कागांव, केरेडारी, कटकमदाग, कटकमसांडी, चौपारण, चलकुसा, बरकट्ठा, डाडी और चुरचू प्रखंड शामिल हैं. इन सभी प्रखंडों में बनाए गए जन चेतना केंद्रों पर नव साक्षर निर्धारित समय पर पहुंचकर परीक्षा देंगे.
परीक्षा की तैयारी को लेकर हुई समीक्षा बैठक
आकलन परीक्षा के सफल संचालन को सुनिश्चित करने के लिए गुरुवार को राज्य स्तर पर ऑनलाइन समीक्षा बैठक भी आयोजित की गई. इस बैठक में साक्षरता कार्यक्रम से जुड़े राज्य स्तरीय कार्यक्रम पदाधिकारी मनोज कुमार ने जिला शिक्षा विभाग के अधिकारियों और कर्मियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की. यह बैठक जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में आयोजित की गई, जिसमें परीक्षा की तैयारियों, व्यवस्था और जिम्मेदारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई.
इसे भी पढ़ें: भाजपा शासित राज्यों में डीजे पर रोक, फिर झारखंड में क्यों बजवाना चाहते हैं विधायकजी?
बैठक में शामिल हुए शिक्षा विभाग के अधिकारी
समीक्षा बैठक में साक्षरता कार्यक्रम के नोडल पदाधिकारी बीईईओ नागेश्वर सिंह के अलावा बीईईओ बिजय राम, राकेश कुमार, बीपीओ रश्मि सिंह और साक्षरता कार्यक्रम के जिला समन्वयक निसार खान वारसी मौजूद थे. इसके अलावा, जिले के सभी 16 प्रखंडों के बीपीओ, डीआरजी, एसआरजी, बीआरपी, सीआरपी और अन्य संबंधित शिक्षाकर्मी भी बैठक में शामिल हुए. सभी अधिकारियों और कर्मियों को परीक्षा के सफल संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. शिक्षा विभाग का कहना है कि इस आकलन परीक्षा के माध्यम से नव साक्षरों की शैक्षणिक प्रगति का मूल्यांकन किया जाएगा और भविष्य में साक्षरता कार्यक्रम को और प्रभावी बनाने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे.
इसे भी पढ़ें: डेपुटेशन कैंसिल होते ही फुर्र हो गए पलामू के 11 टीचर, सात महीने बाद भी नहीं लौटे ऑरिजनल स्कूल
