हजारीबाग: हजारीबाग के विधिक सेवा प्राधिकार और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को जिले के सभी 16 प्रखंडों में विधिक सशक्तीकरण शिविर का आयोजन किया गया. मुख्य कार्यक्रम सदर प्रखंड परिसर में हुआ. शिविर में कुल 55 करोड़ 57 लाख 28 हजार 250 रुपये की परिसंपत्तियों का वितरण विभिन्न योजनाओं के तहत लाभुकों के बीच किया गया. इससे करीब तीन लाख 85 हजार 613 लाभुक लाभान्वित हुए.
कार्यक्रम का उद्घाटन जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष सह प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ध्रुवचंद्र मिश्रा, एडिशनल एसपी अमित कुमार, अपर सत्र न्यायाधीश पुरुषोत्तम गोस्वामी, प्राधिकार के सचिव कुमार विपुल, बीडीओ समेत अन्य अधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया.
कानूनी जागरूकता के साथ आर्थिक सशक्तीकरण जरूरी
शिविर को संबोधित करते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ध्रुवचंद्र मिश्रा ने कहा कि लोगों को कानूनी अधिकारों की जानकारी देने के साथ उनका आर्थिक सशक्तीकरण भी जरूरी है. उन्होंने सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने की बात कही. साथ ही युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया.
इन योजनाओं का मिला लाभ
विधिक सशक्तीकरण शिविर में सामाजिक सुरक्षा पेंशन, सखी मंडल की दीदियों को मुद्रा लोन, जॉब कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), नामांतरण शुद्धि पत्र और सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना समेत विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया गया. स्कूली बच्चों के बीच किताब और बैग का भी वितरण किया गया. कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में लाभुक मौजूद रहे.
