झारखंड: DMFT योजनाओं में कमीशनखोरी का खेल, 2 प्रमंडलों के कार्यपालक अभियंता चढ़ें ACB के हत्थे

Hazaribagh ACB Action: हजारीबाग में भ्रष्टाचार का बड़ा खुलासा हुआ है. जल संसाधन विभाग के प्रभारी कार्यपालक अभियंता राहुल कुमार मालतो को एसीबी ने रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है. हजारीबाग और बरही दोनों प्रमंडलों की जिम्मेदारी संभाल रहे मालतो पर डीएमएफटी योजनाओं के आवंटन में कमीशनखोरी के गंभीर आरोप हैं. पढ़ें, कैसे विभाग के आला अधिकारी नियमों को ताक पर रखकर 'कमीशन' का खेल खेल रहे थे.

Hazaribagh ACB Action, हजारीबाग (आरिफ की रिपोर्ट): झारखंड के हजारीबाग स्थित जल संसाधन विभाग के जनपथ प्रमंडल संख्या-दो के कार्यपालक अभियंता राहुल कुमार मालतो को रिश्वत लेते भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) द्वारा रंगेहाथ गिरफ्तार किए जाने के बाद विभागीय कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं. गिरफ्तार अभियंता की रसूख का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वे हजारीबाग जलपथ प्रमंडल की मुख्य जिम्मेदारी के साथ-साथ बरही प्रमंडल के प्रभारी कार्यपालक अभियंता (Additional Charge) की जिम्मेदारी भी संभाल रहे थे. उनकी गिरफ्तारी ने विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार की जड़ों को उजागर कर दिया है.

कई जिलों की महत्वपूर्ण योजनाओं पर मंडराया संकट

जल संसाधन विभाग हजारीबाग के अलावा चतरा, कोडरमा, रामगढ़ तथा गिरिडीह और बोकारो के कुछ हिस्सों में जल स्रोत से जुड़ी बड़ी और महत्वपूर्ण योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए भी जिम्मेदार है. यह एक विशाल कार्यक्षेत्र है, जहां करोड़ों की योजनाएं चल रही हैं. इसके बावजूद, पिछले दो वर्षों से जनपथ प्रमंडल संख्या-दो में जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT) योजना के कार्यान्वयन में भारी अनियमितताओं के आरोप लगातार सामने आते रहे हैं. राहुल कुमार मालतो की गिरफ्तारी इन आरोपों को और पुख्ता कर रही है.

Also Read: गढ़वा के होटलों में देह के खेल पर प्रशासन सख्त, एसडीएम ने दिए कड़ी कार्रवाई के निर्देश

संवेदकों ने पारदर्शिता पर उठाए थे सवाल, नियमों की धज्जियां उड़ी

बताया जाता है कि करीब छह माह पूर्व बरही प्रमंडल के तत्कालीन कार्यपालक अभियंता भास्कर दास के रांची स्थानांतरण के बाद राहुल कुमार मालतो को यहां का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया था. इस दौरान कई संवेदकों ने योजनाओं के आवंटन में पारदर्शिता (Transparency) नहीं होने की लिखित और मौखिक शिकायतें की थीं. आरोप है कि नियमों और प्रक्रियाओं को पूरी तरह नजरअंदाज कर एक ही पसंदीदा संवेदक ( ठेकेदार) को पिछले दो वर्षों में दर्जन से अधिक महत्वपूर्ण योजनाएं दी गईं, जिससे भारी सरकारी राजस्व का नुकसान हुआ है.

कमीशनखोरी का मकड़जाल, जांच हुई तेज

पूरे मामले को ‘कमीशनखोरी’ के गहरे मकड़जाल से जोड़कर देखा जा रहा है. एसीबी की इस त्वरित कार्रवाई में केवल कार्यपालक अभियंता ही नहीं, बल्कि उनके सहयोगी सहायक अभियंता चिरंजीव दांगी की गिरफ्तारी के बाद मामले ने और अधिक तूल पकड़ लिया है. यह स्पष्ट है कि यह भ्रष्टाचार केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि विभागीय सिंडिकेट का हिस्सा था. एसीबी की कार्रवाई के बाद अब विभागीय स्तर पर भी इस पूरे प्रकरण की जांच तेज कर दी गई है और कई अन्य फाइलों को खंगाला जा रहा है.

Also Read: गढ़वा के केतार ब्लॉक में शराब पीकर हंगामा, अब नाप दिए जाएंगे तीन कर्मचारी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sameer Oraon

समीर उरांव, डिजिटल मीडिया में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और वर्तमान में प्रभात खबर.कॉम में सीनियर कटेंट राइटर के पद पर हैं. झारखंड, लाइफ स्टाइल और स्पोर्ट्स जगत की खबरों के अनुभवी लेखक समीर को न्यूज वर्ल्ड में 5 साल से ज्यादा का वर्क एक्सपीरियंस है. वह खबरों की नब्ज पकड़कर आसान शब्दों में रीडर्स तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं. साल 2019 में बतौर भारतीय जनसंचार संस्थान से पत्रकारिता करने के बाद उन्होंने हिंदी खबर चैनल में बतौर इंटर्न अपना करियर शुरू किया. इसके बाद समीर ने डेली हंट से होते हुए प्रभात खबर जा पहुंचे. जहां उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और वैल्यू ऐडेड आर्टिकल्स लिखे, जो रीडर्स के लिए उपयोगी है. कई साल के अनुभव से समीर पाठकों की जिज्ञासाओं का ध्यान रखते हुए SEO-ऑप्टिमाइज्ड, डेटा ड्रिवन और मल्टीपल एंगल्स पर रीडर्स फर्स्ट अप्रोच राइटिंग कर रहे हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >